बेकार प्लास्टिक बॉटल के बदले मिलेगी कैप और टी-शर्ट:पटना में 5 जगह पर लगी मशीन
पटना को प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए पटना नगर निगम ने एक विशेष पहल की है। शहर में पहली बार ‘रिवर्स वेंडिंग मशीन’ लगाई गई है। इस मशीन में लोग एक तरफ बेकार प्लास्टिक की बोतल डालेंगे और दूसरी तरफ से उन्हें आकर्षक गिफ्ट मिलेगा।वहीं, मशीन के अंदर एक क्रशर भी लगा है, जो बोतलों को तुरंत कंप्रैस कर देता है। इससे स्टोरेज और ट्रांसपोर्ट का खर्च कम होता है। इस पहल से प्लास्टिक कचरे को सही तरीके से रीसाइकिल करना आसान हो जाएगा।
अभी 5 जगह पर लगी रिवर्स वेंडिंग मशीन
अभी फिलहाल पांच मशीनों को पटना के विभिन्न स्थानों में लगाया गया है। 2 मशीनें जेपी गंगा पथ, 1 मशीन मौर्य लोक कंपलेक्स और 2 मशीन मीनार घाट पर लगाई गई है। ये मशीनें लोगों से इस्तेमाल की हुई प्लास्टिक बोतलें और कैरी बैग वापस लेंगी और बदले में उन्हें कुछ प्रोत्साहन राशि या ग्रीन पॉइंट देंगी।
ये मशीनें 20 इंच की डिजिटल स्क्रीन से लैस हैं और एक घंटे में 90-120 बोतलें रीसाइकिल कर सकती हैं। यह 400 किलोग्राम वजनी है और पूरी तरह से ऑटोमैटिक है। इस मशीन से हर वर्ष अनुमानित रूप से 42 टन तक CO₂ उत्सर्जन की बचत, 700 लीटर ईंधन की कमी और 52,000 लीटर पानी की बचत होगी।
कैसे काम करेगी रिवर्स वेंडिंग मशीन
रिवर्स वेंडिंग मशीन एक मॉडर्न डिवाइस है जो खाली प्लास्टिक की बोतलें स्वीकार करती है। लोग अपनी खाली बोतल मशीन में डालेंगे, अपना मोबाइल नंबर डालेंगे और मशीन रीसाइकिल होने वाली बोतलों की संख्या के आधार पर उन्हें ग्रीन प्वाइंट देगी। इस तरह कुल 150 ग्रीन प्वाइंट पर रीसाइकल प्लास्टिक से बनी एक कैप मिलेगी। दूसरी तरफ 300 ग्रीन प्वाइंट पर एक टी-शर्ट इनाम के तौर पर दी जाएगी।
शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में योगदान मिलेगा
पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि यह पहल न केवल शहर को स्वच्छ बनाएगी, बल्कि नागरिकों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ाएगी। आम लोग इस अभियान में सहभागी बने और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में योगदान दे। इन मशीनों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी एक प्राइवेट कंपनी को दी गई है, जो मशीन की स्थापना के बाद 3 वर्षों तक मुफ्त रखरखाव सेवा प्रदान करेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
