समस्तीपुर में संदिग्ध हालात में लड़की की मौत:प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर भुआल गांव में 25 वर्षीय दीपा कुमारी की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने शव को उसके कथित प्रेमी अनूप कुमार के घर के सामने रखकर पूसा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
शादी के बाद प्रेमी संग दिल्ली भाग गई थी दीपा
मृतका के भाई आशुतोष ने बताया कि दीपा की शादी 2018 में वैशाली जिले के सरसपुर गांव में हुई थी। शादी के एक सप्ताह बाद ही वह प्रेमी अनूप के साथ दिल्ली चली गई थी। आशुतोष के अनुसार, दिल्ली में अनूप अक्सर दीपा के साथ मारपीट करता था, जिसकी सूचना कई बार गांव में भी मिली थी। इसे लेकर पंचायत भी हुई थी।
बीमार हालत में घर लौटी दीपा, रास्ते में तोड़ा दम
आशुतोष ने आगे बताया कि करीब 10 दिन पहले अनूप ने दीपा को अपनी भाभी के साथ समस्तीपुर में छोड़ दिया था। परिजनों को सूचना मिलने पर वे उसे घर ले आए। दीपा की तबीयत बिगड़ने पर उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रेमी के घर के सामने रख दिया शव
दीपा की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने उसके शव को माधुरापुर टारा गांव में प्रेमी शशि भूषण प्रसाद सिंह के पुत्र अनूप कुमार के दरवाजे पर खाट पर रखकर सड़क किनारे रख दिया। इसके बाद उन्होंने टारा गांव के समीप टायर जलाकर पूसा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग को डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाने के एडिशनल एसएचओ दीपक कुमार झा, एसआई लल्लू प्रसाद मल्हा, एएसआई सत्यजीत कुमार सतीश और हरेंद्र तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। परिजनों और प्रेमी युगल के बीच स्थानीय स्तर पर समझौता होने के बाद जाम खोला गया, जिसमें प्रेमी अनूप द्वारा मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार करने पर सहमति बनी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
