दलसिंहसराय:चुनाव ड्यूटी पर पहुंचे एसआई पर युवक को मारपीट कर छत से फेंकने का आरोप,हुआ बबाल
दलसिंहसराय,थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर जलालपुर गांव स्थित पीटीसी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज सोमवार की शाम उस समय तनाव के माहौल में बदल गया जब विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर आए बिहार पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पर एक ग्रामीण युवक को छात्रावास की तीसरी मंजिल से नीचे फेंकने का आरोप लगा.घटना के बाद भारी संख्या में ग्रामीण कॉलेज परिसर पहुंच गए और एसआई की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर हंगामा करने लगे.कुछ देर में स्थिति बेकाबू हो गई और कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया गया.ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या 21 निवासी चीना दास के पुत्र मनीष कुमार (27 वर्ष), पेशे से मजदूर है और अपने परिवार का भरण-पोषण करता है.उसके दो बेटियां और दो बेटे हैं।
सोमवार की देर शाम कॉलेज चौक के पास मनीष की किसी बात को लेकर चुनावी ड्यूटी पर आए एक एसआई से कहासुनी हो गई.ग्रामीणों का कहना है कि एसआई नशे की हालत में था और विवाद के दौरान उसने मनीष के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की.इसके बाद,आरोपी एसआई मनीष को पकड़कर जबरन कॉलेज परिसर के छात्रावास में ले गया. वहां कमरे के अंदर उसने मनीष को लाठी व पिस्टल के बट से बेरहमी से पीटा.इसी दौरान पिस्टल से वार कर मनीष का एक दांत तोड़ दिया गया.ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद एसआई ने उसे छात्रावास की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में कॉलेज पहुंचे और आक्रोशित होकर आरोपी एसआई के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.भीड़ ने कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की और माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलते ही डीएसपी विवेक कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को किसी तरह नियंत्रित किया.घायल मनीष को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
पुलिस ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है और वहां मौजूद सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है.अधिकारी सूत्रों के अनुसार आरोपी एसआई का नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है.पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है.इधर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी पुलिसकर्मी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मामले कि जांच कि जा रही है.अगर कोई पुलिस कर्मी दोषी पाए जायेगे तो उसपर भी करवाई कि जाएगी।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
