DalsinghsaraiSamastipur

“दलसिंहसराय:शादी के बाद कपल का पेड़ से लटका मिला शव,2 दिन पहले घर से गायब हुई थी;पॉकेट से कैश-ज्वेलरी मिली

दलसिंहसराय में प्रेमी जोड़े का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। दोनों की लाश एक ही दुपट्टे के सहारे लटकी थी। हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई जा रही है। घटना दलसिंहसराय अनुमंडल के उजियारपुर थाना क्षेत्र के महेसारी गांव के पास की है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने माहेश्वरी मिडिल स्कूल से आगे सड़क किनारे पेड़ पर फंदे से शव लटका देखा। खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर हॉस्पिटल भेजा है।मृतकों की पहचान केराई गांव के वार्ड नंबर-11 के अभिषेक कुमार(20) और इसी गांव के वार्ड नंबर 4 निवासी प्रीति कुमारी के तौर पर हुई है। दोनों के घर की दूरी 1 किलोमीटर है। प्रीति के पास से कैश और ज्वेलरी भी बरामद की गई है।लड़के के चाचा का कहना है कि प्रीति 6 नवंबर की रात से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह लड़के के घर पर हैं। दोनों की शादी की फोटो भी सामने आई है। वहीं, CCTV में लड़की घर से निकलते हुए दिख रही है।

चाचा बोले- भतीजी की हत्या हुई

मृतका चाचा रणधीर कुमार ने बताया, ‘प्रीति के पिता की मौत 2020 विधानसभा चुनाव के दौरान सांप काटने से हो गई थी। प्रीति के दो भाई हैं। उनकी गांव में किराने की दुकान है। प्रीति दुकान को संभालती थी।’बड़ा भाई दीपक कुमार, दूसरे प्रदेश में नौकरी करता है। छोटा संदीप कुमार (12) गांव में रहता है। प्रीति कुमारी 6 नवंबर की रात 11:30 बजे किसी को बताए बिना घर से निकल गई थी।’हमने काफी खोजा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। फिर जानकारी मिली प्रीति अभिषेक के साथ है। हम उनके घर गए और भतीजी को लौटाने की बात कही।’उन लोगों ने आज शनिवार के दिन लाने की बात कही थी, लेकिन शनिवार सुबह महेश्वरी स्कूल के पास दोनों का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। मेरी भतीजी की हत्या हुई है।’

चाची बोली- खोजबीन के दौरान पता चला लड़की, लड़के के घर पर है

वहीं, लड़की की चाची गुड़िया कुमारी ने बताया, ‘6 तारीख सुबह 11.30 बजे के करीब वो निकली थी। दूसरे दिन सुबह मेरे पति ने उसकी खोजबीन की। इस बीच पता चला कि वो लड़के के घर पर है।आज उसका शव मिला है। उसके घर पर शाम में हमलोग गए थे, वहां लड़की नहीं थी। लड़की को किसी ने फोन नहीं दिया था। उसके मां-बाप कोई नहीं है।’

प्रीति की जेब से कैश-गहने मिले

पंकज कुमार के बड़े भाई योगेंद्र सिंह ने बताया, ‘हमलोगों को कुछ पता ही नहीं कि चला क्या हुआ है। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। लड़की के बारे पता नहीं है। अभिषेक कल शाम को घर से निकला था। उसके बाद नहीं लौटा, काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं लगा।’वहीं, लड़के की बहन बबीता देवी ने बताया, हम रात को घर आए तो अभिषेक घर पर नहीं था। रात में घरवाले खोजने निकले, लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह उसका शव मिला। परिवार में लड़की के बारे में कभी चर्चा ही नहीं थी। इधर-उधर काम धंधा करता था।’ बहन ने कहा, ‘मेरे भाई की हत्या हुई है।’

6 नवंबर को भोज खाने गई थी, फिर गायब

लड़के का पड़ोसी रोशन सिंह ने बताया, लड़की इस गांव में 6 नवंबर को भोज खाने आई थी। उसके चाचा उसको लेकर चले गए थे। रात में कब भागी किसी को पता नहीं चला। उसके चाचा दूसरे दिन सुबह सरपंच को फोन किया कि लड़की नहीं मिल रही है।इस पर सरपंच ने कहा- चलो थाने में जानकारी देते हैं।’ उसके बाद तो आज सुबह ये घटना ही हो गया। इससे ज्यादा हमें कुछ मालूम नहीं है। लड़की के पिता नहीं है, उसकी मां भी नहीं है।वहीं दूसरे पड़ोसी कृष्णकांत कुमार ने कहा, ‘हम मंदिर गए थे, इस बीच सूचना मिली शव टंगा हुआ है। उसे मार दिया है। शाम में कुछ लोग आए थे, लड़की के बारे में पूछ रहे थे। लड़की के बारे में कभी चर्चा ही नहीं हुई।’

पूर्व मुखिया बोले- हत्या कर लटकाया गया

पंचायत के पूर्व मुखिया कुशेश्वर प्रसाद यादव ने बताया, ‘यह मामला गंभीर है। शव देखने से लग रहा है कि दोनों की हत्या के बाद यहां पर शव को लटकाया गया है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में जांच की मांग की है।’दलसिंहसराय के DSP विवेक कुमार शर्मा ने बताया, ‘घटना की सूचना पर उजियारपुर थाने की पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है।’

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!