समस्तीपुर:मारपीट में घायल युवक की मौत:आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोड जाम
समस्तीपुर में विजयादसमी के दिन मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान रविवार देर शाम मौत हो गई। जिसके बाद ग्रामीण और परिजन भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जहांगीरपुर के पास रोड जाम कर दिया। बीच सड़क पर आगजनी कर जमकर हंगामा किया।
मृतक की पहचान जहांगीरपुर दक्षिणी पंचायत केकलबारा गांव निवासी सीताराम दास के पुत्र कमल दास(42) के तौर पर हुई है। जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहंची। आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। कमल दास अपने पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ चुका था। गांव में पोल्ट्री फॉर्म चलाता था।
कुछ लोगों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया था
पिता सीताराम दास ने बताया कि विजयादशमी के दिन राजबारा गांव में बेटे से मोबाइल छीनने का प्रयास हुआ था। बाद में कुछ लोगों के साथ मिलकर आरोपियों के पास पहुंचा। इसी विवाद में मारपीट की घटना हुई थी। जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, रोसड़ा डीएसपी संजय सिन्हा ने कहा कि मारपीट में घायल युवक की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छानबीन की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
