“मौसम अपडेट: मॉनसून का 10 जिलों में रेड अलर्ट, अब तक 10 की मौत,हो रही आफत की बारिश
“मौसम अपडेट: Aaj Bihar ka Mausam: बिहार इन दिनों मॉनसून के अंतिम लेकिन सबसे विकराल दौर से गुजर रहा है, उत्तर बिहार में भारी बारिश और वज्रपात ने हालात को बेकाबू कर दिया है. मौसम विभाग ने 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, पटना समेत पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट है.पिछले तीन दिनों से जारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है—कहीं सड़कें तालाब बन गई हैं तो कहीं थानों में पानी भर गया है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय कम दबाव क्षेत्र ने पूरे प्रदेश को गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के घेरे में ले लिया है. अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और अगले कुछ दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही.
उत्तर बिहार में बारिश का रेड अलर्ट, पटना में भी आज भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के जिन जिलों में रेड अलर्ट है, वहां अगले 24 घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है. इनमें मधुबनी, सुपौल और अररिया जैसे जिले शामिल हैं,रविवार को भी अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा में अति भारी जबकि कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर और खगड़िया में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
पटना में भी हालात चिंताजनक हैं. शनिवार से लगातार रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है. धूप को देखे 48 घंटे बीत चुके हैं. तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री नीचे चला गया है. हवा में नमी 85% से अधिक दर्ज की गई है. अगले 24 घंटे तक मध्यम से भारी बारिश और तेज हवा का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.
वज्रपात और आंधी से अब तक 10 मौतें, कई घायल
राज्य में शनिवार को बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 10 लोगों की जान चली गई. आपदा विभाग के अनुसार, वैशाली, रोहतास और मुजफ्फरपुर में आंधी-तूफान की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई. पश्चिम चंपारण में दो, भोजपुर, जहानाबाद और किशनगंज में एक-एक और अरवल में दो लोगों की मौत वज्रपात से हुई. इसके अलावा 13 लोग घायल हुए हैं.
जहानाबाद में तीन, बेतिया में दो, और नालंदा, खगड़िया, किशनगंज व गोपालगंज में एक-एक व्यक्ति की मौत आकाशीय बिजली से दर्ज की गई. सहरसा में तेज आंधी के बाद पेड़ गिरने से एक वार्ड पार्षद सदस्य की मौत हो गई.
प्रशासन अलर्ट पर, निचले इलाकों में विशेष निगरानी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रेड अलर्ट वाले जिलों में जलभराव और नदियों के उफान की स्थिति बन सकती है. प्रशासन को सतर्क रहने और निचले इलाकों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे बिजली के खंभों, पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहें.
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
