समस्तीपुर:3 भाई-बहन ने प्रसाद समझ खाया जहर, एक की हुई मौत
समस्तीपुर।शिवाजीनगर.बल्लीपुर के नौआ पोखर वार्ड 14 में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। बताया गया कि तीन भाई-बहन अपनी मां के साथ बाघोपुर बाजार जा रहे थे। बाजार पहुंचने से पहले ही मां ने बच्चों को गांव के नट बाबा स्थान के पास छोड़ दिया और स्वयं बाजार चली गई। इसी दौरान तीनों भाई-बहन वहां खेलते-खेलते एक स्थान पर पहुंच गए जहां केले के पत्ते पर जहरीले पदार्थ से बनी गोलियां रखी हुई थीं।
बताया जा रहा है कि गांव के ही कुछ कुरेरी लोगों द्वारा पक्षी और जानवरों के शिकार के उद्देश्य से जहरीले पदार्थ से ये गोलियां तैयार की गई थीं। बच्चों ने खेल-खेल में इन गोलियों को प्रसाद समझकर खा लिया और कुछ गोलियां अपने साथ घर भी ले आए। घर पहुंचते ही तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने जब कारण पूछा तो बच्चों ने जहरीली गोलियां दिखाईं।
परिवार वालों ने तत्काल सभी बच्चों को क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दीपमाला की मौत हो गई। मृत बच्ची बल्लीपुर पंचायत के वार्ड 14 के नौआ पोखर गांव निवासी लालो यादव की पुत्री थी। वहीं उसके भाई शशिकांत कुमार (10) और बहन रूपा कुमारी (14) का इलाज जारी है। शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार और राजेश कुमार मौके पर पहुंचे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
