समस्तीपुर:बूढ़ी गंडक का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 33 सेमी नीचे,टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही
समस्तीपुर | बूढ़ी गंडक नदी में जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। बुधवार को नदी का जलस्तर 45.40 सेमी पर पहुंच गया, जो खतरे के निशान 45.73 सेमी से मात्र 33 सेमी नीचे है। हालांकि पानी अभी खतरे के निशान को पार नहीं कर पाया है, परंतु स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, समस्तीपुर द्वारा बाढ़ से निपटने के लिए पुख्ता तैयारी की गई है। विभागीय अधिकारियों की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। संवेदनशील स्थलों पर बालू से भरे बोरे पहले से तैयार रखे गए हैं। सभी डैमेज स्थलों की मरम्मत पूरी कर ली गई है। पूसा, कल्याणपुर, समस्तीपुर, वारिसनगर, खानपुर, उजियारपुर और अंगारघाट तक के बांधों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
क्षेत्रीय लोगों में संभावित बाढ़ को लेकर चिंता बनी हुई है, लेकिन विभाग ने फिलहाल किसी भी आपदा की आशंका से इनकार किया है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अनुसार, अगले दो दिनों तक जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार है।