समस्तीपुर: पूजा के लिए पान तोड़ने गई महिला को सांप ने काटा,इलाज के दौरान मौत
समस्तीपुर जिले के रोसरा थाना क्षेत्र के रानी परती गांव में दुर्गा पूजा के लिए पान के पत्ते तोड़ने गई एक 55 वर्षीय महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर मासूम राजा ने बताया कि महिला को काफी देर पहले सांप ने डसा था। परिजनों द्वारा अस्पताल लाने में हुई देरी के कारण महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टर ने कहा कि यदि समय पर इलाज मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
मृतका के रिश्तेदार ने कहा- पूजा के लिए बागान में पान का पत्ता तोड़ने गई थी
मृत महिला के रिश्तेदार अरविंद कुमार साह ने बताया कि महिला आंगन के पीछे बागान में पान के पत्ते तोड़ने गई थी, तभी उसे सांप ने डस लिया। परिजनों ने पहले उसे लगभग चार घंटे तक एक निजी नर्सिंग होम में रखा। जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया।
मृत महिला की पहचान रानी परती गांव निवासी सुनील कुमार की 55 वर्षीय पत्नी शशि देवी के रूप में हुई है। उनके दो पुत्र, इंद्रजीत सिंह और सत्यजीत सिंह, हैं जो डिफेंस में कार्यरत हैं। दोनों पुत्र विवाहित हैं और उनके परिवार में एक तीन साल का पोता भी है। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर मासूम राजा ने इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
