समस्तीपुर:शराब में जहर मिलाकर हत्या का आरोप, युवक का शव संदिग्ध हालत में बरामद
समस्तीपुर जिले के हसनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत मंगलगढ़ पंचायत के वार्ड संख्या छह में मंगलवार की शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान मंगलगढ़ वार्ड 05 निवासी संतोष कुमार यादव (34 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने शराब में जहर मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
गांव के ही व्यक्ति पर हत्या का आरोप
जानकारी के अनुसार, रामबहादुर राम के घर में खेल रही एक बच्ची ने खिड़की से शव को देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।मृतक की पत्नी ने बताया कि सुबह ही गांव के राम बहादुर राम ने फोन कर उसके पति को बुलाया था। पत्नी का आरोप है कि राम बहादुर राम ने शराब में जहर मिलाकर उसके पति की हत्या कर दी।
आरोपी घर से फरार
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी राम बहादुर राम महुआ शराब का अवैध कारोबार करता है। घटना के बाद से आरोपी अपने घर से फरार है।सूचना मिलने पर हसनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया। अपर थाना प्रभारी कुमारी दिव्या ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
