पुलिस गश्ती गाड़ी अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुसी:निजी ड्राइवर को लोगों ने घेरा, हंगामा
पटना सिटी के बाइपास थाना क्षेत्र के कदमतल में सोमवार की देर रात पुलिस गश्ती गाड़ी अनियंत्रित होकर एक झोपड़ी में घुस गई। वाहन के झोपड़ी में घुसते ही उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज के साथ गाड़ी झोपड़ी में फंस गई। बताया जा रहा है कि गश्ती दल में शामिल कुछ पुलिसकर्मी मौके से हट गए।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने सिविल वर्दी में गाड़ी चला रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसका घेराव किया। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर हंगामा होता रहा।बाइपास थाना प्रभारी राजेश कुमार झा ने बताया कि बेगमपुर टीओपी की गाड़ी छठ पर्व के कारण लगातार गश्त पर थी। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर झोपड़ीनुमा मकान में घुस गया। उन्होंने पुष्टि की कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुई है। नुकसान की भरपाई की जाएगी।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि बेगमपुर टीओपी की गाड़ी को एक निजी ड्राइवर चला रहा था, जो पुलिस की वर्दी में नहीं था। लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
