ट्रेन से गिरकर नालंदा की मजदूर की मौत:असम से लौट रहे थे
पटना.भागलपुर।नवगछिया में ट्रेन से गिरकर नालंदा के एक मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार देर रात करीब दो बजे हुआ, जब मजदूर असम से मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने बुधवार दोपहर भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के रहमानपुर गांव निवासी स्व. नंदू मांझी के 30 वर्षीय पुत्र सूरज मांझी के रूप में हुई है। सूरज मांझी के पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं।
मृतक के भाई सुमन मांझी ने बताया कि सूरज मांझी सोमवार रात को असम से अपने तीन पुत्रों में से एक किशन के साथ नालंदा स्थित घर लौट रहे थे। नवगछिया स्टेशन पर कुछ सामान लेने के लिए वह ट्रेन से उतरे थे। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और उस पर चढ़ने के प्रयास में उनका पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वीडियो कॉल पर सुबह घरवालों से बात की, दोपहर बाद तोड़ा दम
हादसे के बाद नवगछिया जीआरपी पुलिस ने उन्हें भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह उन्होंने मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए अपने परिजनों से बात की, लेकिन दोपहर बाद उनकी मृत्यु हो गई।ट्रेन में छूटे सूरज मांझी के बेटे किशन को टीटीई और आरपीएफ पुलिस की मदद से नालंदा स्थित उनके घर भेज दिया गया। मृत्यु के बाद, अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
