बेगूसराय में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा,घर से कट्टा बनाने का सामान बरामद,15 हजार में कट्टा
बेगूसराय में 15 हजार में देसी कट्टा आसानी से मिल रहा है। वह भी नया और लोकल में बना हुआ। सबसे बड़ी बात है कि हथियार कभी भी खराब होगा तो उसे बनाने वाले मुफ्त में ठीक करेंगे। इसका खुलासा पुलिस की पूछताछ में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख गांव निवासी मिनी गन फैक्ट्री संचालक अरविंद कुमार शर्मा ने किया है।
अरविंद कुमार शर्मा अपने घर सांख गांव के फुलवरिया टोला में ही मिनी गन फैक्ट्री चलाता था। खरीददार इसके यहां से खरीद कर दूर-दूर सप्लाई करते थे। छापेमारी में उसके घर से तीन देसी कट्टा, तीन गोली और दो खोखा बरामद किया गया है।इसके साथ ही कट्टा बनाने के लिए कटा हुआ एक पाइप, लोहे का चदरा, एक कटर मशीन, छह कटर ब्लेड, मोटर, भट्ठी, एक हेक्सा सेट, एक छोटा लेंथ मशीन, लोहे का चार रेती, लोहे का दो छेनी, लोहे का 31 ड्रिल छेनी, एक वेल्डिंग मशीन सहित बैरल बनाने का सामान बरामद किया गया है।
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर अवैध हथियार के कारोबारी पर कार्रवाई का निर्देश मिला है। इसी के आलोक में मेरे नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई है। टीम सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही थी।
कहां-कहां बिक्री करता था, इसकी जांच हो रही
कहा कि सूचना मिली कि सांख गांव के फुलवरिया टोला में अरविंद शर्मा अपने घर में लेथ मशीन का सेटअप लगाए हुए हैं। इसके बहाने मिनी गन फैक्ट्री चलाया जाता है। सूचना मिलते ही अरविंद शर्मा के घर पर छापेमारी की गई।
उस समय अरविंद शर्मा (45) मशीन पर काम कर रहा था। पुलिस को देखते ही भगाने का प्रयास किया, लेकिन खदेड़ कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके घर से कट्टा, गोली और हथियार बनाने का उपकरण बरामद किया गया है।पूछताछ में उसने बताया है कि 15 से 20 हजार तक में लाइफटाइम गारंटी के साथ बेचते हैं। कहां-कहां बेचा जाता था, इस संबंध में पूछताछ सहित आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हथियार के साथ 2 गिरफ्तार
इसके अलावा 2 बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। एक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पकड़ा गया बदमाश आर्म्स सप्लायर है। कुछ दिन पहले उसने स्वर्ण व्यवसायी को धमकी दी थी।डीएसपी ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी के आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान कोरिया हैवतपुर यादव ढाला के पास तीन बदमाशों की ओर से हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की साजिश का पता चला। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही तीन बदमाश भागने लगे, जिसमें से दो को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरिया निवासी अभिषेक कुमार एवं नंदन कुमार के रूप में की गई है। उसके पास से एक देसी कट्टा, दो मोबाइल और एक स्टील का पंजा बरामद किया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
