ट्रेन से गिरकर व्यक्ति की मौत:छठ मनाकर बेगूसराय से पटना लौटते वक्त हुआ हादसा
पटना.दानापुर रेल मंडल के फतुहा स्टेशन के पास गुरुवार को छठ पूजा मनाकर बेगूसराय से पटना लौट रहे 67 वर्षीय भीम दास की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। उनकी पहचान बेगूसराय जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है।
भीम दास बिहार राज्य खाद्य निगम में प्यून के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी अंतिम पोस्टिंग आर ब्लॉक पंच मंदिर के पास थी। वह दीघा स्थित घुरदौल रोड नंबर 5 में किराए के मकान में रहते थे।
भीम दास अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा के लिए अपने पैतृक गांव बेगूसराय गए थे। गुरुवार को पटना लौटते समय फतुहा स्टेशन से पश्चिम, पोल संख्या 522/5 और 7 के बीच अप लाइन पर वह अचानक ट्रेन से गिर गए। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर में परिजन का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। बेटे नीरज कुमार ने बताया कि उनके पिता छठ के बाद किराए के मकान में लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन फतुहा रेल थाना पहुंचे। फतुहा रेल थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। शव को थाने लाकर परिजनों को सूचित किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
