कन्हैया बोले- कभी अस्त नहीं होगा कांग्रेस का सूर्य: प्रत्याशी अमिता भूषण के घर पहुंचे
बेगूसराय।कांग्रेस नेता और NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने सोमवार को बेगूसराय में थे। बेगूसराय से कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण के घर छठ पूजा में वे शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सूर्य कभी अस्त नहीं हुआ, यह तो उदीयमान है। हम जो हारे वह जीतेंगे। बिहार में भाजपा हारेगी तो दिल्ली में भी भाजपा हारेगी।बछवाड़ा में कांग्रेस और सीपीआई के प्रत्याशी होने को लेकर उन्होंने कहा कि फ्रेंडली फाइट क्या होता है, या तो फाइट होता है या फ्रेंडली होता है, दोनों चीज नहीं होता है। गजब का खेल है, गुल खाएंगे गुलगुले से परहेज है। हम जिस पार्टी में हैं, जो हमारा चिन्ह है, हमको वह चिन्ह दिखेगा। अपना चिन्ह दिखता है।
‘बछवाड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी की ही जीत होगी’
योद्धा बनकर हम एक-एक कार्यकर्ता, एक-एक उम्मीदवार का जीतना जरूरी है। महागठबंधन को जितना जरूरी है। हमारी लड़ाई भाजपा से है, किसी दल से नहीं है। बछवाड़ा का मामला वहां के लोगों को विवेक पर छोड़ दीजिए। हम 243 सीटों पर लड़ रहे हैं, हमारे लिए सभी सीट बराबर है। बछवाड़ा में कांग्रेस के उम्मीदवार हैं तो स्वाभाविक रूप से उसकी जीत की कामना करेंगे।
हम सिर्फ उगते हुए सूरज को नहीं, बल्कि डूबते सूरज की भी पूजा करते हैं। बिहार की आस्था और संस्कृति है कि जिनका अस्त है, उनका ही उदय है, जो हारे हैं वही जीतेंगे। अंधेरे के बाद उजाला होता है, रात के बाद दिन होता है। यह संस्कृति है और इस परंपरा को लोग धूमधाम से मनाते हैं। आज पूरे देश में दुनिया में छठ का महत्व है। इसमें प्रकृति की पूजा होती है, कोई मंत्र नहीं, लोक उत्सव का त्यौहार है।कन्हैया ने कहा कि कांग्रेस का सूरज अस्त नहीं हुआ है। सूरज यहां डूब रहा है तो कहीं उग रहा है, कांग्रेस को भारत की सभ्यता को जोड़ कर देखते हैं। हम समझते हैं कांग्रेस विचारों का वाहक है। कांग्रेस सद्भाव में विश्वास करती है, एकता और न्याय में विश्वास से रखती है। हार जीत संख्याओं का खेल है, राजनीति सिर्फ समस्याओं का खेल नहीं है। हम पहले भी न्याय के लिए लड़ाई लड़ रहे थे और 1947 के बाद भी लड़ रहे हैं। अंग्रेजों से नहीं डरे तो जासूस से क्या डरेंगे।
चुनाव आयोग पर बोले- सईयां भए कोतवाल तो डर काहे का
कन्हैया कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग के लिए कहावत है कि सैया भए कोतवाल तो डर काहे का। चुनाव आयोग पार्टी विशेष के एक प्रकोष्ठ के रूप में काम कर रही है। चुनाव आयोग क्या कह रही है, क्या बोल रही है, यह महत्वपूर्ण नहीं है। चुनाव आयोग से जो सवाल एसआईआर एवं वोट चोरी को लेकर पूछे गए, इस पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए । वोटरलिस्ट का शुद्धिकरण होना चाहिए, लेकिन इसकी प्रक्रिया लोकतंत्र का गला दबाने की कोशिश है, कांग्रेस इसे कामयाब नहीं होने देगी।तेजस्वी यादव की ओर से वक्फ बोर्ड खत्म करने की बात कहे जाने पर कन्हैया कुमार ने कहा कि तेजस्वी की बात तेजस्वी से पूछिए, हमसे कांग्रेस की बात पूछिए, तेजस्वी की बात उनके लोग बताएंगे। महागठबंधन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि हम किसी ऐसे कानून का समर्थन नहीं करें जो लोकतंत्र का विरोधी है। वक्फ कानून को जिस तरीके से बनाया गया, वह गलत है। महागठबंधन एकजुट होकर इसका विरोध करता है।
डीयू में छात्रा पर एसिड अटैक पर कन्हैया कुमार ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। देश में जहां नारी की पूजा होती है, जहां नारी की पूजा होती है, वहां स्वर्ग का वास होता है। अभी देश में नवरात्र का त्यौहार मनाया गया है, देवी को पूजा की है, उस देश में बेटियों के ऊपर जब एसिड फेंका जा रहा हो तो यह कहीं न कहीं पीएम के खोखले दावे को उजागर करता है।प्रधानमंत्री कहते हैं कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और बेटी पर हमला करने वाले को सरकारी संरक्षण दिया जा रहा है, यह दुखद है। देश की राजधानी में महिलाओं के ऊपर लड़कियों के ऊपर इस तरह की अत्याचार और हमला हो रहा है। एनएसयूआई के प्रभारी होने के नाते हम इसका विरोध करते हैं। वहां हम एक पद जीते हैं, मजबूत विपक्ष के रूप में आवाज उठाएंगे।
‘बिहार विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली की सत्ता की चाबी जदयू के पास रहेगी’
कन्हैया ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली के सत्ता की चाबी जदयू के पास रहेगी। बीजेपी बिहार में चुनाव हारेगी, उसका हारना जरूरी है। अगर बीजेपी जीती और जदयू पीछे रही तो भी दोनों स्थिति में दिल्ली की सत्ता सुरक्षित नहीं है। बीजेपी को हराना है तो उसकी कुंजी बिहार में है, बिहार में बीजेपी को हराइए दिल्ली में भी भाजपा हारेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
