विधानसभा चुनाव को लेकर समस्तीपुर में पुलिस-अर्धसैनिक बलों का फ्लैग मार्च
समस्तीपुर शहर में बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च समस्तीपुर जिला कप्तान अमरेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च समस्तीपुर सदर एसडीपीओ कार्यालय से एएसपी संजय पांडे के नेतृत्व में शुरू हुआ। यह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर से होते हुए धर्मपुर, भोला टॉकीज, और नगर थाना क्षेत्र के चीनी मिल चौक, गणेश चौक, गोला रोड, मारवाड़ी बाजार सहित मुख्य बाजारों से गुजरा।
इस दौरान मार्च में शामिल अर्धसैनिक बलों के जवान और पुलिस कर्मियों ने लोगों से शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। जिला पुलिस कप्तान अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए इस फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे
जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जा रहा है और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
6 नवंबर को समस्तीपुर जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने हैं। प्रशासन पूरी तरह चौकस है ताकि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
फ्लैग मार्च में नगर, मुफस्सिल, यातायात थाना अध्यक्ष, सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडे, यातायात डीएसपी, स्थानीय पुलिस, अतिरिक्त पुलिस के जवान, नगर थाना के पुलिसकर्मी सहित थाने में तैनात सभी पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
