मेडिकल एग्जाम में सिलेक्शन नहीं होने पर आत्महत्या की कोशिश,गंगा नदी में लड़की ने लगाई छलांग
पटना।भागलपुर में एक स्टूडेंट ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में चयन न होने से निराश होकर आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रा ने रविवार दोपहर करीब ढाई बजे बिक्रमशिला सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय गोताखोरों और बरारी थाना पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया।यह घटना भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित विक्रमशिला सेतु के बरारी गंगा घाट पर हुई। स्टूडेंट की पहचान नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक निवासी रंजीत यादव की बेटी मौसम कुमारी के रूप में हुई है।मौसम कुमारी ने बताया कि उसने हाल ही में मेडिकल प्रवेश परीक्षा दी थी, जिसमें वह मात्र एक नंबर से चयन से चूक गई। इस निराशा के कारण उसने यह कदम उठाया।
सफलता नहीं मिलने पर निराश थी लड़की
मौसम कुमारी डॉक्टर बनने के लक्ष्य के साथ भागलपुर के खंजरपुर स्थित एक लॉज में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। उसने बताया कि उसे नीट की तैयारी में सफलता नहीं मिल रही थी, जिससे वह खुद से नाराज थी।घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा से पूछताछ की। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि छात्रा तनाव में थी और उसने आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे बचा लिया गया है। परिजनों के आने के बाद ही मामले में और स्पष्टता आएगी, फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
