Patna

खुलेआम चल रहा नशे का कारोबार,बेगूसराय में संदिग्ध हालत में युवक की मौत:ड्रग्स के ओवरडोज से जान जाने की आशंका

बेगूसराय में संदिग्ध हालत में एक युवक की मौत हो गई। ड्रग्स के ओवरडोज से मौत की आशंका है। मृतक की पहचान नागदह वार्ड नंबर-10 निवासी चुनचुन पासवान के पुत्र कुमार करण कुमार (19) के तौर पर हुई है। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र की है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

परिजनों के मुताबिक करण अपने दोस्तों के चक्कर में करीब 2 वर्ष से ड्रग्स का आदी हो चुका था। वह कभी सिगरेट तो कभी बीड़ी के सहारे इसका नशा करता था। आज सुबह भी उसके पास से बीड़ी का बंडल मिला था। जिससे आशंका जताई जा रही है और ड्रग्स के ओवरडोज मौत हुई है।मोहल्ले में ड्रग्स और शराब कारोबारी के प्रति लोगों में आक्रोश है। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे ड्रग्स का ओवरडोज नहीं मान रही है। जिसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

 

मृतक की मां लक्ष्मी देवी ने बताया कि शुक्रवार रात में करण ने भुजिया-रोटी बनाने के लिए कहा तो हम उसके मन के मुताबिक खाना बनाकर खिला दिया। फिर वह घूमने चला गया, थोड़ी देर के बाद मैंने उसे रेलवे गुमटी के पास देखा। जहां से सोने के लिए बुलाकर घर लाया। वो बगल के ही एक घर में सोने के लिए चला गया।सुबह काफी देर तक नहीं जगा तो लोगों ने कहा कि कुछ हो गया है। वह कभी-कभी काम धंधा करता था। वैसे घर पर ही रहता था, पिताजी मजदूरी करके पालन पोषण करते थे। पिछले कुछ दिनों से बुखार था, जिसका इलाज भी करवाए थे। अब अचानक पता नहीं क्या कैसे हो गया।

 

पूरा मोहल्ला बर्बाद हो रहा है

 

पोस्टमार्टम कराने आए पड़ोसी चंदन ने बताया कि देर तक नहीं जागा तो करीब 5:30 बजे देखने गए। छत पर इसका शरीर ठंडा पड़ा हुआ था। वहां से उठाकर बाघी में दो डॉक्टर के यहां ले गए, दोनों ने मृत घोषित कर दिया। फिर ग्रामीण डॉक्टर से दिखाए तो उसने भी मरने की पुष्टि कर दी। पता नहीं अचानक क्या कैसे हो गया।घटनास्थल पर मौजूद मोहल्ले की महिलाओं का कहना है कि इलाके में शाम ढलते ही नहीं, बल्कि दिन-रात शराब और ड्रग्स का कारोबार होते रहता है। बगल में चौपाल बना हुआ है, सरेआम नशे का कारोबार होता है। हम लोग विरोध करते हैं तो कारोबारी कहता है कि जिसको कहना है जाकर कह दो, सबको पैसा देते हैं। कोई कुछ नहीं बिगाड़ लेगा। पूरे मोहल्ले को बर्बाद कर रहे हैं।

 

खुलेआम चल रहा है कारोबार

 

वहीं, मृतक के दादा मंटुन पासवान ने बताया कि रात भी यहां ड्रग्स बेचने वाला आया था। हम उस पर गुस्साए थे कि मत बेचो। तुम लोग बेचते हो तभी तो यह पीता है। हम अपने पोता करण पर भी गुस्सा किए थे। बार-बार कहते थे कि मत पियो, लेकिन नहीं सुनता था। बाइक से एक युवक स्मैक देने आता है। सब छोटा-छोटा उम्र का लड़का है।

 

करण करीब 2 साल से दोस्तों के साथ ड्रग्स लेता था। पुलिस आती है और पैसा लेकर चली जाती है। आज सुबह भी घटना के बाद पुलिस यहां आई, लेकिन जांच-पड़ताल या पूछताछ करने के बदले चुपचाप भाग गई। ड्रग्स और शराब का सरेआम कारोबार हो रहा है। उसी के चक्कर में मेरा परिवार उजड़ गया।मेरा गांव-समाज ड्रग्स और शराब के चक्कर में बर्बाद हो रहा है। 70 साल के उम्र में कोई दाग नहीं लगा था, लेकिन आज नशा के चक्कर में न सिर्फ मेरा पोता, बल्कि सब कोई बर्बाद हो रहा है।इस संबंध में सिंघौल थानाध्यक्ष चंद्रकांत कुमार सिंह का कहना है जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पूछताछ करने पर पता चला कि रात में सोया तो सोया ही रह गया। लग रहा है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा हो सकेगा।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!