रेलवे यात्रियों के लिए डिजिटल सेवाओं का विस्तार: रेल वन ऐप की शुरुआत;सभी जानकारी मिलेगी
समस्तीपुर।भारतीय रेल की ओर से यात्रियों की सुविधा को देखते हुए डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया है। रेलवे की ओर से रेल वन ऐप की शुरुआत की गई है। यह ऐप यात्रियों को वन स्टॉप सॉल्यूशन प्रदान करता है, जिसके माध्यम से यात्रा से संबंधित सभी जानकारी और सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे यात्रियों को त्वरित सुविधा एवं पारदर्शी सेवा सुनिश्चित होगी।
समस्तीपुर रेलवे मंडल प्रशासन की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर दोनों पर निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि यात्री सामान्य टिकट, रिजर्वेशन टिकट एवं प्लेटफार्म टिकट सीधे इस ऐप के माध्यम से बुक कर सकते हैं। ऐप पर ट्रेन का लाइव स्टेटस तथा आगमन-प्रस्थान की सूचना वास्तविक समय में उपलब्ध होगी।
ट्रेन रद्द होने अथवा विलंब की स्थिति में यात्रियों को तत्काल नोटिफिकेशन प्राप्त होगा। इसके साथ ही सीट उपलब्धता व पीएनआर स्टेटस की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यात्री कोच पोजिशन एवं प्लेटफार्म सूचना पहले से देख सकेंगे। ऐप में फूड ऑर्डरिंग सिस्टम उपलब्ध है जिसके माध्यम से यात्री अपनी सीट पर भोजन ऑर्डर कर सकेंगे। यात्री पार्सल सेवा से जुड़ी जानकारी भी इस ऐप पर प्राप्त कर पाएंगे यात्रा संबंधी सभी आवश्यक जानकारी अब एक ही मंच पर उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि इससे पूछताछ काउंटरों पर भीड़भाड़ कम होगी और यात्रियों का कीमती समय बचेगा। यात्रा का बेहतर प्रबंधन संभव होगा क्योंकि ट्रेन की स्थिति, विलंब या रद्द होने की जानकारी समय पर उपलब्ध होगी। टिकट, भोजन एवं अन्य सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने से यात्रा और भी सुविधाजनक व सुरक्षित होगी।ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के यात्री इस ऐप से समान रूप से लाभान्वित होंगे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
