गांव पर मंडरा रहा खतरा,बछवाड़ा में गंगा के कटाव से दहशत में ग्रामीण:20 एकड़ जमीन समाहित
समस्तीपुर जिले के बछवाड़ा प्रखंड के विशनपुर पंचायत अंतर्गत चिरैयाटोंक गांव में गंगा नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह से गंगा की तेज धारा के कारण लगातार कटाव हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। किसानों की फसलें और जमीन नदी में समाहित होने से उनकी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में गंगा नदी में करीब 20 एकड़ भू-भाग समाहित हो चुका है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि कटाव इसी प्रकार जारी रहा, तो अगले दस दिनों में पूरा गांव नदी में समा जाएगा।
सुनील राय, दिनेश राय और नीतीश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर अब तक न तो स्थानीय विधायक और न ही सांसद ने उनसे मुलाकात की है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
गंगा किनारे रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए रात भर जागने को मजबूर हैं। वहीं, खेतों में लगी धान की लहलहाती फसलों को तैयार होने से पहले ही काटकर पशुओं को खिलाया जा रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
