Samastipur

समस्तीपुर:रंगदारी नहीं देने पर भाकपा माले नेता के घर हमला, घायल

समस्तीपुर में भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार के घर पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दिया। रंगदारी नहीं देने पर हुई इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि लाखों रुपए का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना दुर्गा पूजा के लिए सूरत से घर आए उनके बेटे से रंगदारी मांगने के बाद हुई।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

महावीर पोद्दार ने बताया कि उनका 22 वर्षीय बेटा आदर्श कुमार, जो सूरत में नौकरी करता है, पांच दिन पहले दुर्गा पूजा मनाने घर आया था। आज सुबह करीब 10 बजे राजेश्वर चौक पर नाश्ता करते समय गांव के दो युवक विपिन कुमार और विवेक कुमार ने आदर्श से रंगदारी और नाश्ते के पैसे की मांग की। आदर्श के मना करने पर दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।

 

आसपास के लोगों ने मामले को शांत कराया, जिसके बाद आदर्श घर लौट आया। हालांकि, कुछ ही देर बाद विपिन और विवेक लगभग 15-20 लड़कों के साथ लाठी-डंडे और पिस्तौल लेकर महावीर पोद्दार के घर पर हमला करने पहुंच गए। उन्होंने घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और लाखों रुपए का कंप्यूटर क्षतिग्रस्त कर दिया।

 

मारपीट में एक अधेड़ समेत 3 लोग हुए घायल

 

इस मारपीट में भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार (56 वर्ष), रंजन कुमार (25 वर्ष) और आदर्श कुमार (22 वर्ष) घायल हो गए। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना अंगार घाट थाने को दी गई, जिसके बाद 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

सभी जख्मी लोग इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे हैं। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर राहुल कुमार के देखरेख में सभी लोगों का इलाज किया जा रहा है। महावीर पोद्दार ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर अंगार घाट थाने में सात नामजद एवं 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर लिखित आवेदन दिया गया।

 

मारपीट की इस घटना को लेकर अंगारघाट थाना प्रभारी हिमांशु कुमार के द्वारा बताया गया कि भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार के द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन की जांच की जा रही है जांच कर सभी एक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!