सोन नदी मे 6 की जगह 18 को बैठाया,नाव पलटने से 6 लापता, 3 का शव बरामद
पटना.औरंगाबाद, जिले के बड़ेम ओपी थाना क्षेत्र के बड़ेम रघुनाथपुर गांव के समीप नाव हादसे में लापता हुए छह महिलाओं में 4 महिलाओं का शव बरामद कर लिया गया है. 2 लोगों की तलाश की जा रही है. संभावना जतायी जा रही है कि लापता महिलाओं की मौत हो गयी है. वैसे उनके भी बचने की संभावना बहुत ही कम है. सोन नदी की प्रवाह बेहद तेज है और जिस जगह पर नाव हादसे की शिकार हुई वहां से बचना बेहद मुश्किल है.
आलू की खेती करने जा रहे थे मृतक
शुक्रवार को एक छोटी सी नाव से करीब 18 से 20 किसान आलू की खेती करने नदी के बीच टीले पर जा रहे थे. अचानक नदी के बीच धार में ओवरलोड की वजह से नाव पलट गयी. जैसे-तैसे 10 से 12 लोग तैरकर या ग्रामीणों के बीच-बचाव से जान बचाने में सफल रहे ,जबकि छह लोग लापता हो गये. बड़ी बात यह है कि लापता लोगों में सभी महिलाएं है. शुक्रवार को ही बड़ेम गांव के सलीम अंसारी की पुत्री तमन्ना परवीन और योगेंद्र लाल की पुत्री काजल उर्फ छोटी कुमारी का शव बरामद कर लिया गया था. घटना के दूसरे दिन यानी शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने चितरंजन पासवान की पत्नी सबिता देवी का शव बरामद किया. ऐसे में लापता छह महिलाओं में 4 महिलाओं का शव बरामद कर लिया गया है. 2 महिलाएं अभी भी लापता है.
जिद कर नाव पर सवार हुई काजल
गांव के लोग सोन में आलू रोपे जाइत हलथीन. काजल जिद कर बइठ गेलई. 16 -17 गो सवार हलथीन. अचानक नाव पलट गेलई और काजल डूबके लापता हो गेलई. इतना कहते ही काजल उर्फ छोटी के पिता योगेंद्र लाल फफक पड़े. वहां रहे घर के अन्य सदस्य भी चीत्कार उठे. कुछ लोगों ने उन्हें ढांढ़स बंधाया, लेकिन ढांढ़स का असर नहीं हुआ. काजल के शव की तलाश करने में एसडीआरएफ की टीम लगी हुई है.
मंजू जिंदा है भी या नहीं…
नाव हादसे में बड़ेम गांव की सुरेंद्र चौरसिया की 18 वर्षीय पुत्री मंजू कुमारी लापता है. परिजन उसकी तलाश में कभी गांव वालों के पास जा रहे है तो कभी पुलिस कर्मियों के पास. एसडीआरएफ की टीम से भी उम्मीद लगाये बैठे है. सुरेंद्र चौरसिया के भाई जितेंद्र चौरसिया ने कहा कि उनकी भतीजी मंजू होनहार थी. आलू रोपने अन्य महिलाओं के साथ नाव पर सवार हो गयी. नाव जब पलटी तो वह लापता हो गयी. जिंदा है भी या नहीं यह ईश्वर ही बता सकते है.
वह खुद बच गयी, लेकिन बहन डूब गयी
नाव हादसे में जो पहली मौत हुई थी वह सलीम अंसारी की पुत्री तमन्ना परवीन थी. घटना के कुछ घंटे बाद ही उसका शव बरामद कर लिया गया था. उसकी मौत से परिजन सदमे में है और घर में कोहराम मची है. तमन्ना के साथ आलू रोपने सोन में उसकी बहन तराना परवीन भी जा रही थी. तराना ने बताया कि नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे. नाविक ने कहा था कि वह एक ही बार में सभी को पार कर देगा. बीच नदी में अचानक एक तरफ से तेज धार का प्रवाह हुआ और फिर क्षण भर में नाव पलट गयी. अपनी बहन को वह डूबते हुई देखी. जान बचाने की जदोजहद में एक अन्य व्यक्ति को पकड़ लिया. वह तो किसी तरह बच गयी, लेकिन उसकी बहन काल के गाल में समा गयी.
मां के इंतजार में बच्चों का बुरा हाल
नाव हादसे में संजय चौधरी की पत्नी रंजीता देवी लापता है.न तो उसे जिंदा बरामद किया गया और न अब तक उसका शव ही मिला है. चार पुत्री और एक पुत्र की मां को लापता होने से परिजन सदमे में है. हालांकि जिंदा होने की उम्मीदें पाल रखे है. रंजीता के पति संजय चौधरी ने बताया कि मां के इंतजार में पांच बच्चों का बुरा हाल है. उन्हे कैसे समझाये कि क्या हो गया. अब तो भगवान ही मालिक है. वैसे बातचीत करते ही संजय और वहां रहे उसके परिवार के लोग चीत्कार उठे.
ज्यादा लोगों को बैठाने से पलटी नाव
नाव दुर्घटना में लापता हुए नरेश चौधरी की पुत्री सोनी कुमारी के घर में कोहराम मचा है. परिजनों के चीत्कार से घर का कोना-कोना दहल रहा था. सोनी के भाई उपेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन कई घंटों से लापता है. न तो उसे जिंदा बरामद किया गया और न उसका शव. हादसे पर कहा कि नाव पर नाविक ने ज्यादा लोगों को बैठा लिया. शुरू से ही नाव हिचकोले खा रही थी. लोग भय में थे. अंतत: नाव बीच में पलट गयी. उपेंद्र ने कहा कि उसके परिवार की स्थिति भयावह है. उम्मीद है कि वह सकुशल बरामद हो जाए.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
