बिहार की इस सड़क को मिली मंजूरी, 29.48 करोड़ से होगा चौड़ीकरण
Bihar Road News:पटना बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की जनता के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी आई है. उपेक्षित रही धमदाहा से कुआड़ी सड़क का अब चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पत्र लिखकर इसकी स्वीकृति की जानकारी दी है.
परियोजना का खाका
भारत सरकार ने इस परियोजना को सीआरआईएफ (सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) के तहत मंजूरी दी है. गडकरी ने बताया कि 11.2 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 29.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे और कार्य वित्तीय वर्ष 2025-26 में शुरू किया जाएगा.
जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी
वर्षों से जर्जर हालात में रही इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों को परिवहन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भारी मुश्किलें झेलनी पड़ती थीं. बरसात में स्थिति और बिगड़ जाती थी. अब सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से हजारों लोगों की पुरानी समस्या दूर होगी.
स्थानीय विकास को मिलेगी गति
सड़क बनने से किसानों को अपनी उपज आसानी से मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी. विद्यार्थी और रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी. छोटे उद्योगों और स्थानीय व्यापार को भी नई रफ्तार मिलेगी.
सांसद पप्पू यादव का आभार
इस परियोजना पर खुशी जताते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने जनता की ओर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया और कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है. आने वाले दिनों में वह अपने क्षेत्र की हर बुनियादी जरूरत को पूरा कराने के लिए संघर्षरत रहेंगे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
