उपराष्ट्रपति ने मां चामुंडा मंदिर में दर्शन-पूजन किया, चांदी का मुकुट भेंट किया
मुजफ्फरपुर.नवरात्र के पावन अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रविवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। ये कटरा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक मां चामुंडा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से माता का पूजा की और देश की सुख-समृद्धि की कामना की.उपराष्ट्रपति पटना से वायुसेना के विशेष विमान से सीधे कटरा प्रखंड के धनौर स्थित हेलीपैड पर उतरे। वहां से करीब ढाई किलोमीटर की दूरी तय कर सड़क मार्ग से मंदिर पहुंचे। दोपहर 1:30 बजे मंदिर में प्रवेश किया और लगभग 30 मिनट तक पूजा-पाठ में शामिल रहे। इसके बाद 2 बजे मंदिर से बाहर निकले।
मध्य प्रदेश के पुजारी वसिष्ठ लखन, स्थानीय पुजारी विशाल झा और अवधेश झा ने पूजा कराई। सबसे कम उम्र के पुजारी विशाल झा को उपराष्ट्रपति ने कहा कि “आप लोगों के पूजा कराने से हम संतुष्ट हैं।”मां चामुंडा मंदिर कमिटी के सचिव सुरेश प्रसाद साह और अन्य पदाधिकारियों ने उपराष्ट्रपति को माता की प्रतिमा के लिए चांदी का मुकुट भेंट किया।
उपराष्ट्रपति के साथ बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विजय सिन्हा और वैशाली सांसद राज भूषण चौधरी निषाद भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर माता की आराधना की और समिति के सदस्यों से मुलाकात की.मंदिर के अंदर पूजा-अर्चना के बाद उपराष्ट्रपति ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के पदाधिकारियों से एक-एक कर मुलाकात की और उनका हाल-चाल पूछा।
उपराष्ट्रपति का मंदिर से पुराना लगाव
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रघुनाथ चौधरी ने बताया कि उपराष्ट्रपति चुनाव के समय शहर के एक पुराने परिचित के माध्यम से मंदिर में हवन, पूजन और प्रसाद वितरण कराया गया था। चुनाव जीतने के बाद से ही गुप्त स्तर पर कटरा आगमन की योजना बनाई जा रही थी, जिस पर दुर्गा पूजा के दौरान आने की सहमति बनी। दोपहर 1 बजे माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचेंगे।मंदिर कमेटी के सचिव सुरेश प्रसाद साह ने बताया कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का चामुंडा मंदिर से लगभग 15 वर्ष पुराना जुड़ाव है। 10 जून 2010 को पटना दौरे के दौरान उन्होंने कटरा पहुंचकर माता चामुंडा के दर्शन और पूजन किए थे।
तैयारियों का लिया जायजा
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर डीएम सुब्रत सेन और एसएसपी सुशील कुमार ने शनिवार को मंदिर परिसर, हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। मंदिर की तीनों दिशाओं में कच्ची सड़क पर पेवर ब्लॉक बिछाया गया है। भदई चौक के समीप हेलीपैड के लिए एप्रोच रोड बनाई गई है। पूरे ग्राउंड पर ईंट सोलिंग की गई है।
थाने से पूर्व की जर्जर सड़क को दुरुस्त किया गया है। मंदिर के गर्भगृह में लाइटिंग और पंखे लगाए गए हैं। हेलीपैड से लेकर मंदिर के मुख्य द्वार तक सड़क के दोनों ओर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुरक्षा और तकनीकी निगरानी पुरातत्व विभाग की टीम ने मंदिर परिसर का मुआयना किया। इसके अलावा ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी कैमरों से मंदिर परिसर के हर हिस्से पर निगरानी रखी जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
