पटना पहुंचा शहीद जवान का पार्थिव शरीर:डिप्टी CM ने दी श्रद्धांजलि,होगा अंतिम संस्कार
पटना.छपरा, जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान सारण के जवान छोटू शर्मा शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर सोमवार शाम पटना एयरपोर्ट पहुंचा। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राजकीय सम्मान दिया गया।
इस दौरान बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित अन्य नेताओं ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित किया। इसके बाद सेना के काफिले के साथ पार्थिव शरीर को दानापुर छावनी ले जाया गया।मंगलवार को सारण के उनके पैतृक गांव बेला शर्मा टोला में अंतिम विदाई दी जाएगी। अंतिम संस्कार दिघवारा गंगा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ होगा।
ऑपरेशन सिंदूर पर थे तैनात, सिर में गोली लगी
राष्ट्रीय राइफल्स की 24वीं बटालियन में सिपाही के पद पर तैनात छोटू शर्मा बांदीपुरा में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए। उन्हें सिर में गोली लगी थी। हालांकि, सेना की ओर से गोली लगने की सटीक जानकारी साझा नहीं की गई है।छोटू शर्मा की शादी इसी साल 5 मई को सुष्मिता से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उन्हें ऑपरेशन सिंदूर में शामिल होने का आदेश मिला। 11 मई को वे जम्मू-कश्मीर रवाना हो गए थे। परिजन 7 सितंबर को उनके छुट्टी पर घर लौटने का इंतजार कर रहे थे।
परिवार की रीढ़ थे छोटू
छोटू शर्मा चार भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता का निधन पहले ही हो चुका था। परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां और बड़े भाइयों के साथ उन्हीं पर थी। बड़ा और दूसरे नंबर का भाई प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि तीसरे नंबर का भाई मूक-बधिर है। छोटू ही परिवार के एकमात्र सरकारी नौकरी में थे और उनकी कमाई से ही घर चलता था।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
