Patna

बिहार में शराब से लदी स्कॉर्पियो गड्ढे में गिरी:बोतलें लूट ले गए लोग

पटना.बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी और खुलेआम लूट की घटना ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार शाम मैरवा मुख्य मार्ग पर जमसिकरी गांव के पास शराब से भरी एक स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि लोग गाड़ी की मदद करने या चालक को बचाने के बजाय शराब की बोतलें लूटने लगे।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि कई लोग गड्ढे में उतरकर गाड़ी के शीशे तोड़ रहे हैं और शराब की बोतलें निकाल रहे हैं। कोई बोतलों को बैग में भर रहा था, तो कोई अपने साथियों को थमा रहा था। आसपास की छतों से महिलाएं तमाशबीन बनकर यह दृश्य देख रही थीं। लगभग आधे घंटे तक यह लूट चलती रही।

 

 

चालक फरार, पुलिस पहुंची तो खाली मिली गाड़ी

 

इस अफरातफरी के बीच स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। जब तक मुफ्फसिल थाना पुलिस वहां पहुंची, गाड़ी पूरी तरह खाली हो चुकी थी। पुलिस ने बाद में वाहन को कब्जे में लेकर थाना ले जाया और जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस ने दी सफाई, ग्रामीण बोले लापरवाही

 

मुफ्फसिल थाना प्रभारी अशोक कुमार दास ने कहा, “सूचना मिलते ही पुलिस रवाना की गई थी, लेकिन तब तक लोग शराब निकाल चुके थे।”वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की देरी ने लूट को बढ़ावा दिया। उनका कहना है कि यदि समय पर पुलिस पहुंचती तो बोतलें जब्त की जा सकती थीं और चालक भी पकड़ में आ जाता।

 

शराबबंदी कानून पर उठे सवाल

 

यह घटना न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली पर बल्कि बिहार की पूर्ण शराबबंदी नीति पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। शराबबंदी के सख्त कानून के बावजूद लगातार हो रही तस्करी और खुलेआम लूट यह दिखाती है कि जमीनी स्तर पर कानून का पालन कितनी गंभीरता से नहीं हो रहा।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!