समस्तीपुर में लड़की छेड़ने से मना करने पर 3 लोगों को पीटा,मां-बहन के साथ भी हुई मारपीट
समस्तीपुर में लड़की छेड़ने से मना करने पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों के साथ मारपीट की गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के चीनी मिल वार्ड-25 में हुई। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।घायलों की पहचान विजय मल्लिक की पत्नी बबीता देवी (40), बेटी गुंजा कुमारी (20) और बेटे करन मल्लिक (12) के रूप में हुई है। विजय मल्लिक ने बताया कि उनके पड़ोस के कुछ लड़के पिछले तीन-चार दिनों से उनके बेटे करन पर राह चलती लड़की को छेड़ने का दबाव बना रहे थे। करन के मना करने पर वे नाराज हो गए।
मां-बहन के साथ भी हुई मारपीट
नाराज लड़कों ने आज करन मल्लिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर करन की मां बबीता देवी और बहन गुंजा कुमारी उसे बचाने आईं। इस दौरान युवकों ने अपने परिजनों के साथ मिलकर बबीता देवी, गुंजा कुमारी और करन मल्लिक तीनों को बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर मासूम कुमार ने बताया कि बबीता देवी को अंदरूनी चोटें आई हैं और वह बेहोश हैं। उनका सीटी स्कैन और एक्स-रे कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे का इलाज शुरू किया जाएगा।नगर थाना प्रभारी शिव कुमार यादव ने बताया कि उन्हें मारपीट की सूचना मिली है। उन्होंने जांच के लिए 112 पुलिस टीम को मौके पर भेजा है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि यदि घायलों की ओर से थाने में आवेदन दिया जाता है, तो जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
