पटना मेट्रो अपडेट:पटना में मेट्रो का न्यूनतम किराया 15 और अधिकतम 30 रुपए..
पटना मेट्रो के एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन जाने के लिए 15 रुपए का टिकट कटाना होगा। एक से अधिक स्टेशन के सफर के लिए 30 रुपए का टिकट लगेगा। पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक, पटना में चलने वाली मेट्रो का न्यूनतम किराया 15 रुपए और अधिकतम 30 रुपए रखा गया है।
कॉरिडोर वन में आने वाले दानापुर से पटना जंक्शन, मीठापुर, खेमनीचक तक का किराया 30 रुपए होगा। इसी तरह कॉरिडोर टू में पटना जंक्शन से आईएसबीटी तक का किराया 30 रुपए लगेगा। सोमवार की शाम मेट्रो को एलिवेटेड ट्रैक पर फिर चलाया गया। इस दौरान सिस्टम इंटीग्रेशन टेस्ट और डायनेमिक ट्रायल किया गया। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग टेक्निकल मानक पर ट्रायल जारी है।
अभी किसी भी स्टेशन पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं
मेट्रो का ट्रायल एलिवेटेड ट्रैक पर रविवार को पहली बार हुआ। इसके बाद सोमवार को दैनिक भास्कर की टीम ने पहले चरण में परिचालन होने वाले आईएसबीटी स्टेशन, जीरोमाइल स्टेशन और भूतनाथ स्टेशन की पड़ताल की। अभी भूतनाथ स्टेशन पर बाइपास से उतरकर स्टेशन की सीढ़ियों पर चढ़ने के लिए रास्ता नहीं बना है। बाइपास से नाला के बीच सर्विस रोड बनाना है। इसी तरह जीरोमाइल स्टेशन की सीढ़ियों के सामने गंगा बालू गिराया गया है। यहां ईंट की सोलिंग होगी। वहीं, आईएसबीटी स्टेशन के वेटिंग रूम सहित अन्य जगहों पर अभी टाइल्स बिछाने का काम भी पूरा नहीं हुआ है। इन तीनों में से किसी भी स्टेशन पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।
दूसरे चरण में भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक चलेगी मेट्रो
बैरिया स्थित डिपो से मलाही पकड़ी के बीच 6.50 किमी में मेट्रो चलाने की योजना थी। लेकिन, खेमनीचक स्टेशन के पास काम अधूरा रहने के कारण परिचालन संभव नहीं हो सकेगा। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अभी डिपो से भूतनाथ तक चलाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे चरण में भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक परिचालन होगा। मेट्रो का उद्घाटन इस महीने के अंत तक होगा। पटना मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री से उद्घाटन का समय मांगा गया है।पटना में चलने वाली मेट्रो ट्रेन तीन बोगियों वाली है। यह डाउन लेन पर ही चलेगी। पुणे से आने वाली ब्लू रंग की ट्रेन को गेरुआ रंग में रंगा गया है। इसके साथ ही बिहार की सांस्कृतिक पहचान गोलघर, महावीर मंदिर, महात्मा बुद्ध आदि की तस्वीर उकेरी गई है, ताकि इससे आमलोगों का जुड़ाव हो सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
