समस्तीपुर में आवास योजना शहरी 2.0 में 110 लाभार्थी जांच के घेरे में,होंगी कार्रवाई
समस्तीपुर.प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में लाभुकों को पक्के मकान निर्माण के लिए सहायता राशि का लाभ मिलना शुरू हो गया है। योजना के फेज-1 में चयनित 1317 लाभार्थियों के बैंक खातों में ढाई लाख की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई है। इससे वर्षों से छत की आस लगाए जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। लाभुक अब अपने सपनों का घर बनाकर आराम से रह रहे हैं।
लेकिन इसके तहत पूरी राशि लेकर घर नहीं बनाने वाले 16 लाभार्थियों पर विभाग सर्टिफिकेट केस की तैयारी कर रहा है। राशि वसूली के लिए अंतिम अवसर दे दिया गया है ।वहीं फेज-2 में 450 लाभुकों में 110 लाभार्थी को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी गई है। जबकि फेज वन के ही 10 अन्य लाभार्थियों से वसूली की प्रक्रिया शुरू करते हुए नोटिस जारी कर दिया गया है।बता दें कि योजना के फेज-2 में चयनित 450 लाभार्थियों में से 110 लाभुकों को जांच के दायरे में लिया गया है। ये लाभुक अपात्र पाए गए हैं, जिन्होंने अयोग्य होते हुए भी योजना का लाभ प्राप्त किया।
विभाग द्वारा इन सभी 110 लाभार्थियों को संदिग्ध मानकर जांच भी निगम स्तर पर की जा रही है।नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभुकों को कुल ढाई लाख रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में दी जाती है। पहली व दूसरी किस्त में एक-एक लाख रुपये और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। पहले फेज के जिन 10 लाभार्थियों ने प्रथम किस्त में एक लाख रुपए प्राप्त कर लिए और जांच में अयोग्य पाए गए,उनसे वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
^10 अयोग्य पाए गए लाभार्थियों से राशि वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं 110 के विरूद्ध जांच चल रही है। जबकि पूर्व के 16 ऐसे लाभार्थी जिन्होंने राशि लेकर घर नहीं बनाया है, उनके खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज होगा। – ज्ञान प्रकाश, नगर आयुक्त, नगरनिगम, समस्तीपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
