समस्तीपुर में फाइनेंस कर्मियों से 6.95 लाख रुपए की लूट,रास्ते में बाइक सवारों ने घेर हथियार के बल पर लुटा
“समस्तीपुर शहर के काशीपुर स्थित सरोजनी गली में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने भारत फाइनेंस कंपनी के 2 कर्मियों से हथियार के बल पर 6.95 लाख रुपए की लूट कर ली। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश आजाद नगर की ओर फरार हो गए।बदमाशों की संख्या 2 बताई गई है। जो एक ही बाइक पर सवार थे। घटना की सूचना पर नगर और मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
घटना के संबंध में पीड़ित कर्मी शेखपुरा निवासी शशिकांत शाह ने कहा कि वह अपने साथी आनंद कुमार जो खगड़िया के रहने वाले हैं। उनके साथ बैग में रुपए लेकर काशीपुर स्थित कार्यालय से पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में रुपए जमा करने जा रहे थे।
जैसे ही वह अपने कार्यालय से बाहर निकले कि सरोजिनी गली में दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर उनका बैग छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आजाद नगर की ओर फरार हो गए। बाद में उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।उधर घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मौके पर आसपास के लोगों की भी भीड़ जुट गई। हालांकि तब तक बदमाश फरार हो गए थे।
सीसीटीवी खंगाला जा रहा
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने कहा कि लूटपाट की वारदात सामने आई है। दोनों कर्मी से पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि पैसा समूह का था और कार्यालय से ये लोग पैसा जमा करने के लिए बैंक जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
