बेगूसराय:पुल के नीचे मिली पंच की लाश:हाथ-सिर बंधा था, जेब से मिला लेटर
बेगूसराय में बूढ़ी गंडक नदी पर बने सिउरी पुल के नीचे से ग्राम कचहरी के पंच की लाश मिली है। मृतक के हाथ और सिर में रस्सी बंधी थी। मृतक के बेटे का कहना है कि सरपंच ने पिता को हत्या के मामले में फंसाया था। 3 महीने पहले वो जेल से बाहर आए थे। अब सरपंच 4 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था, उसी ने मर्डर किया है।
मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हैवतपुर के रहने वाले रामवृक्ष चौधरी (45) के रूप में हुई है.रामवृक्ष चौधरी गुरुवार को बेगूसराय कोर्ट गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटे थे। आज जब ग्रामीण नदी किनारे गए, तो सिउरी पुल के नीचे उनकी डेड बॉडी मिली।स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मंझौल और मुफ्फसिल थाने को दी। सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी नवीन कुमार और मंझौल थानाध्यक्ष फैजल अहमद अंसारी मौके पर पहुंचे।
लाश के पास से मिला लेटर
मृतक पंच के पास से एक लेटर मिला है, जिसमें लिखा है कि हम जब जेल से छुटकर आए तो सरपंच विजय शंकर सिंह ने 4 लाख रुपए की डिमांड की। उसने कहा था कि अगर पैसा नहीं दिया तो पत्नी की इज्जत खराब कर देंगे और नंगा नचाएंगे। ज्यादा बोलेंगे तो जान से मार देंगे।
2 घंटे तक लोगों ने सड़क किया जाम
घटना के बाद करीब 2 घंटे तक लोगों ने कोरिया के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हत्या कर लाश फेंकी गई है। आत्महत्या का रूप देने के लिए गले में रस्सी फंसा दिया था। हाथ-पैर बांधकर कोई आत्महत्या कैसे करेगा। दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
मृतक के बेटे राहुल कुमार ने बताया कि पिताजी रात में नहीं लौटे तो फोन किया। उनका फोन स्विच ऑफ बता रहा था। सरपंच फोन पर धमकी देता था और कहता था मेरे खिलाफ आवेदन दिए तो जान से मार देंगे।मृतक के दोस्त हैवतपुर निवासी दिनेश सहनी ने बताया कि ‘रात करीब 8:57 बजे रामवृक्ष ने फोन किया था। उसने बताया था कि मैं पत्नी से बहुत परेशान हूं। इसके बाद मुझे एकांत में बात करने को कहा। मैं जब साइड हुआ, तब उसने फोन काट दिया। इसके बाद से मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा।उसके घर पहुंचे तो मेरे बोलने से पहले ही उसकी पत्नी ने पूछा कि दोस्त से बात हुई है। पत्नी ने बताया कि वह बेगूसराय कचहरी गए हैं। तारीख होने के कारण आने में लेट हो गया है, जिस कारण वह विशनपुर में रुक गए हैं। लेकिन आज उसकी लाश मिली है।’
FSL से कराई गई जांच
एसपी मनीष ने बताया कि ‘मृतक का हाथ-पैर रस्सी से बंधा था। मझौल डीएसपी और थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। घटनास्थल की जांच FSL से कराई गई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
