एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का आठ साल के बाद चैंपियन बना भारत
पटना।खेल परिसर के हॉकी स्टेडियम में चल रहा हीरो एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट रविवार को सम्पन्न हो गया। भारत और कोरिया के बीच फाइनल मुकाबला शुरू होने के पहले ही दर्शक दीर्घा खचाखच भर चुका था। दर्शक हाथों में तिरंगा लहरा रहे थे। युवाओं ने चेहरे पर तिरंगे की पेंटिंग कराया हुआ था।
गानो और नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। दर्शक हिन्दी, भोजपुरी और पंजाबी गीतों पर खूब झुमे। ढोल-नगाड़े की थाप पर लोग नाचते और खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते नजर आए। हर गोल और बचाव पर तालियों और शोरगुल से स्टेडियम गूंजता रहा। एशिया कप आठ साल बाद भारत लौटा है। 5 साल के चैंपियन व डिफेंडिंग कोरिया को हराकर भारत एशिया का सिरमौर बना।
इसके पूर्व 2007 में चेन्नई में हुए एशिया कप के फाइनल में भी भारत के हाथों कोरिया की हार हुई थी। 2017 में अंतिम बार भारत ने ढाका में हुए फाइनल में मलेशिया को हराया था। 2025 की जीत के साथ भारत चौथी बार चैंपियन बना है। भारत अब तक 2003, 2007, 2017 में खिताब जीत चुका है। जबकि, 1982, 1985, 1989, 1994 और 2013 में पांच बार उपविजेता रहा है। फाइनल मुकाबले में दर्शकों ने खेल का भरपूर लुत्फ उठाया।
नेताओं ने दी बधाई
इस धरती पर कई इतिहास बनेंगे। यह जीत विश्व कप में भारत की जीत का मार्ग खोलने वाला है।-विजय कुमार सिन्हा
यह आयोजन व जीत दोनों ही गौरव का क्षण है। बिहार में इतनी बड़ी प्रतियोगिता हो सकी इसके लिए सीएम नीतीश कुमार धन्यवाद के पात्र हैं।- सम्राट चौधरी
खेल में बिहार काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस आयोजन के बाद बिहार के खिलाड़ी उत्साहित होंगे। -श्रवण कुमार
पटना से आए सुनील कुमार ने कहा कि पहली बार इतना बड़ा टूर्नामेंट लाइव देखना हमारे लिए गर्व का पल है। एशिया कप जैसे आयोजन की मेजबानी राजगीर ने की यह खुशी की बात है। बिहारशरीफ की रिंकू देवी ने कहा बच्चों को लेकर मैच देखने आए हैं। बच्चों ने भी खूब आनंद लिया और अब हॉकी खेलने की इच्छा जता रहे हैं। दिल्ली के अमन वर्मा ने कहा कि राजगीर की जनता का उत्साह देखकर लगा कि यहां खेल का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। भीड़ ने शानदार माहौल बना दिया। वैशाली के रमेश सिंह ने कहा कि हर मैच रोमांचक रहा। फाइनल मुकाबले का तो कोई जवाब ही नहीं.
खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। भागलपुर के छात्र सौरभ झा ने कहा कि चेहरे पर तिरंगा पेंट किया और पूरी तरह मैच का मजा लिया। ऐसा अनुभव पहली बार मिला है। नेपाल से आए सुरेश कुमार ने कहा कि भारत में हॉकी के प्रति जोश देखकर बहुत अच्छा लगा। बिहार की मेहमाननवाजी भी शानदार रही। राजगीर की गृहिणी अनीता कुमारी ने कहा कि पूरे परिवार के साथ मिलकर मैच देखा। ऐसा आयोजन बार-बार होना चाहिए। ताकि यहां के बच्चे भी खेल के प्रति प्रेरित हो सके। पंजाब से आए बलजीत सिंह ने कहा कि भीड़ का उत्साह और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने मंत्रमुग्ध कर दिया। लगा जैसे कोई त्यौहार हो।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
