2.37 करोड़ रुपए का आवंटन, समस्तीपुर- खगड़िया रेलखंड के दोहरीकरण को मंजूरी
समस्तीपुर.पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर- हसनपुर-खगड़िया 85 किलोमीटर रेल खंड का दोहरीकरण होगा। सर्वे के लिए रेलवे मंत्रालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। सर्वे कार्य के लिए 2.37 करोड रुपए का आवंटन भी दिया गया है। इस संबंध में लेटर मिलने के बाद मंडल प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मीडिया प्रभारी सह सीनियर डीसीएम अन्नया स्मृति ने इसकी पुष्टि की है।
लंबे समय से इस इलाके के लोग समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के दोहरीकरण की मांग कर रहे थे। 85 किलोमीटर लंबे इस रेल खंड पर अभी सिंगल लाइन है। क्रॉसिंग होने के कारण ट्रेन लेट होती है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस खंड के दोहरीकरण होने से क्रॉसिंग में फंसने वाले ट्रेनों की समस्या समाप्त होगी।
ओलापुर-उमेश नगर के बीच 11 किलोमीटर बाईपास का होगा निर्माण
दोहरीकरण के साथ रेलवे ने समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के कोल्हापुर स्टेशन और बेगूसराय उमेश नगर स्टेशन के बीच 11 किलोमीटर बाईपास निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की है। जिसके लिए सर्वे का कार्य शुरू होगा। दोनों योजनाएं साथ में पूरा करने का निर्देश जारी किया गया है।ओलापुर और उमेश नगर के बीच बाईपास निर्माण के बाद दो रेलखंड आपस में जुड़ जाएंगे। जिससे खासकर माल ट्रेनों को दूसरे क्षेत्र में जाने में आसानी होगी। बाईपास निर्माण होने पर मुंगेर की ओर से आने वाली ट्रेन उमेश नगर होते हुए सीधा खगड़िया की ओर चली आएगी। जबकि इस इलाके से भागलपुर जाने वाली ट्रेन भी बाईपास होते हुए सीधा मुंगेर की ओर चली जाएगी।
जल्द शुरू होगा सर्वे का काम
मीडिया प्रभारी सह सीनियर डीसीएम अन्नया स्मृति ने बताया कि रेलवे मंत्रालय ने अभी दोहरीकरण को लेकर सर्वे का कार्य करने का निर्देश जारी किया है। जल्द ही काम शुरू होगा। इसके बाद मंत्रालय को रिपोर्ट सबमिट की जाएगी। दोहरीकरण होने से यात्रियों को फायदा होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
