फतुहा में 2.4KM लंबा एलिवेटेड पुल बनेगा:स्थानीय बोले- घंटों जाम में फंसते थे अब नई उम्मीद
पटना.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीदारगंज में किए गए छह सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास से पटना-बख्तियारपुर मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने की उम्मीद जगी है।
इन परियोजनाओं में सबसे खास फतुहा के लिए 2.4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड पुल है, जो इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए दशकों पुरानी जाम की समस्या का समाधान लेकर आया है।
फतुहा निवासी विजय कुमार ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पुरानी NH-30 का चौड़ीकरण कर इसे फोरलेन बनाने का निर्णय बहुत महत्वपूर्ण है। हमारी सड़क बहुत संकरी हो गई थी, लेकिन अब यह काफी चौड़ी हो जाएगी।
इमरजेंसी में अस्पताल जाने में फंसते थे लोग
विजय कुमार ने खास तौर पर फतुहा चौराहे पर बनने वाले एलिवेटेड पुल का जिक्र किया। इस चौराहे पर सालों से जाम की समस्या बनी हुई है। इमरजेंसी में अस्पताल जाते समय भी लोग यहां फंस जाते थे, जिससे समय पर इलाज नहीं मिलने से काफी परेशानी होती थी।
इंडस्ट्रियल एरिया के पास घंटों रहता जाम
विजय कुमार ने फतुहा के औद्योगिक क्षेत्र की समस्या को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि यहां की इंडस्ट्रियल एरिया से रोजाना सैकड़ों गाड़ियां गुजरती हैं, जो घंटों तक चौराहे पर जाम में फंसी रहती हैं। इस पुल के बन जाने से फैक्ट्री की गाड़ियां सीधे ऊपर से निकल जाएंगी, जिससे लोगों को इस परेशानी से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।” यह एलिवेटेड पुल न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि उद्योगों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुल 1065 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमें दीदारगंज-बख्तियारपुर फोरलेन और बख्तियारपुर-मोकामा मार्ग का चौड़ीकरण भी शामिल है। ये सभी कार्य बिहार राज्य सड़क विकास निगम (BSRDC) और पथ निर्माण विभाग (RCD) द्वारा किए जाएंगे।
सीएम के काफिले को ट्रक ने किया धीमा, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफिला बुधवार को बाढ़ से पटना लौटते समय फतुहा में एक ट्रक के कारण धीमा हो गया। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
यह घटना तब हुई जब मुख्यमंत्री एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम से वापस आ रहे थे, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
यह वाकया फतुहा थाना क्षेत्र के सूपनचक-भिखुआ फोरलेन के पास हुआ। बताया गया कि मुख्यमंत्री का काफिला सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा था, तभी एक ट्रक अचानक मुड़ने लगा, जिससे मुख्यमंत्री के काफिले को अचानक गति धीमी करनी पड़ी।
ट्रक के हट जाने के बाद ही काफिला सुरक्षित रूप से आगे बढ़ सका। इस घटना के बाद, काफिले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया और कहा कि यह कर्तव्य में घोर लापरवाही का मामला है।
ग्रामीण एसपी बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे
इस घटना के लिए जिम्मेदार फतुहा थाने में तैनात पीएसआई पवन कुमार, एएसआई अंजलि कुमारी और पीटीसी प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। ग्रामीण एसपी ने कहा कि जिन जगहों पर वीआईपी मूवमेंट होता है, वहां ऐसी स्थिति बिल्कुल भी नहीं आनी चाहिए थी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
