महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म; ब्रह्मा, विष्णु और महेश रखा गया नाम
पटना.सुपौल के पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार की सुबह एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म देकर सभी को हैरान कर दिया। खास बात यह रही कि प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। यह खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई नवजात शिशुओं की एक झलक पाने को उत्सुक दिखा।
पिपरा प्रखंड के बिशनपुर वार्ड नंबर 10 निवासी सुरेश कुमार की पत्नी अनीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह करीब 6:55 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा में भर्ती कराया गया। अस्पताल में मौजूद एएनएम नूतन प्रभा, गंगोत्री कुमारी और मंजुलता सिन्हा की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया गया।डॉक्टरों की निगरानी में अनीता देवी ने महज कुछ ही मिनटों के अंतराल पर तीन बच्चों को जन्म दिया। पहला बच्चा सुबह 7:10 बजे, दूसरा 7:11 बजे और तीसरा 7:13 बजे पैदा हुआ। परिवार ने बच्चों का नामकरण धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए ब्रह्मा, विष्णु और महेश रखा है।
वजन कम होने पर की जा रही देखभाल
नवजात शिशुओं का वजन 2 किलो 445 ग्राम, 1 किलो 675 ग्राम और 1 किलो 120 ग्राम है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों बच्चे सामान्य अवस्था में हैं। हालांकि जिन बच्चों का वजन कम है, उनकी विशेष देखभाल की जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि तीन बच्चों का एक साथ जन्म होना दुर्लभ घटना है और इसके लिए समय-समय पर चिकित्सकीय निगरानी जरूरी होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। सबने मां और बच्चों का हालचाल लिया और परिजनों को बधाई दी। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने भी विशेष टीम बनाकर बच्चों की सेहत पर लगातार नजर बनाए रखी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
