उजियारपुर में महिला टीचर की संदिग्ध मौत:कमरे में फंदे से झूलता मिला शव,कान में हेडफोन..
समस्तीपुर में संदिग्ध हालत में महिला टीचर की मौत हो गई। कमरे में फंदे से झूलता हुआ शव मिला है। अभी तक शादी नहीं हुई थी। परिवार से दूर किराए के कमरे में अकेली रहती थी। घटना उजियारपुर थाना क्षेत्र की है.मृतका की पहचान विद्यापति नगर के मऊ बाजितपुर निवासी अरविंद कुमार शर्मा की पुत्री डोली कुमारी(25) के तौर पर हुई है। पिछले डेढ़ साल से प्राथमिक विद्यालय नाजीरपुर वार्ड 3 में तैनात थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
रक्षाबंधन पर घर आने वाली थी
पिता अरविंद शर्मा ने बताया कि मकान मालिक से तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। बेटों के साथ मौके पर पहुंचा। कमरे का गेट खुला था। डेड बॉडी की स्थिति देखकर लग रहा है कि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। उसकी हत्या कर दी गई है। बाद में शव को फंदे से लटका दिया है। शरीर पर मिट्टी लगा था। कान में हेडफोन और हाथ पर खून लगा था।गुरुवार रात 8 बजे के करीब बेटी से आखिरी बार बात हुई थी। रक्षाबंधन पर उसने घर आने का वादा किया था। रोजाना की तरह खाने पीने के बारे में पूछा। फिर मां से भी काफी देर तक बात हुई। कहीं से नहीं लगा कि वो किसी तनाव में हैं। साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है।
खुदकुशी नहीं कर सकती है
मृतका चाचा ब्रज किशोर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह मकान मालिक से सूचना मिली कि भतीजी की तबीयत खराब है। जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा। कमरे में फंदे से लटक रही थी। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। नीचे उतारकर प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मेरी भतीजी सुसाइड नहीं कर सकती है। उसकी हत्या हुई है।
आवेदन के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
इस संबंध में उजियारपुर थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के लिए पहुंची FSL की टीम
वहीं, दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक शर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध है। इसलिए जांच के लिए FSL की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कई सैंपल जब्त किए गए। छानबीन की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
