समस्तीपुर:एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा,गंगा का पानी कई गांवों में फैला, बाढ़ का खतरा
समस्तीपुर।मोहिउद्दीननगर.गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंगा तटवर्ती इलाकों के लोग घर छोड़कर ऊंचे स्थलों की ओर पलायन कर रहे हैं। लोग अपने माल-मवेशी को भी सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने में जुट गए हैं। गंगा के साथ-साथ वाया नदी भी उफान पर है। दोनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि से मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंड की कई सड़कों पर पानी चढ़ गया है, जिससे आवागमन बाधित होने लगा है। कई विद्यालयों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि 20 दिन पहले आई बाढ़ से दोनों प्रखंडों के 47 स्कूलों में पठन-पाठन ठप हो गया था। हाल ही में इन विद्यालयों में पढ़ाई शुरू हुई थी।
खतरे के निशान से 1.23 मीटर ऊपर है जलस्तर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल दलसिंहसराय कैंप सरारी के अनुसार, शुक्रवार को गंगा नदी का जलस्तर 46.75 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 45.50 मीटर से 1.25 मीटर ऊपर है। फिलहाल प्रत्येक दिन 25–30 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हो रही है और प्रवृत्ति अभी भी बढ़ाव की बताई जाती है।
स्थानीय प्रशासन ने गंगा के जलस्तर पर कड़ी नजर रखी है। तटबंधों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और निगरानी तेज कर दी गई है। यदि जलवृद्धि इसी तरह जारी रही तो अगले एक-दो दिनों में नावों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। पहले की बाढ़ से प्रभावित परिवारों का कहना है कि अब तक उन्हें सहायता राशि नहीं मिली है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
