समस्तीपुर:कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कृषि नवाचार और उद्यमिता केंद्र को मिला बिहार में प्रथम स्थान
समस्तीपुर।पूसा।डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कृषि नवाचार और उद्यमिता केंद्र (एग्री इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर) को बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न स्टार्ट अप केंद्रों में प्रथम स्थान दिया गया है। स्टार्टअप बिहार कार्यक्रम के तहत इस परियोजना में बिहार के 46 स्टार्टअप सेल ने भाग लिया था जिसमें से विश्वविद्यालय के केंद्र को नंबर 1 का स्थान दिया गया है। कुलपति डॉ.पी एस पांडेय ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस केंद्र को 2023 में कृषि में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है। लगभग दो वर्षों से भी कम समय में इस केंद्र की सहायता से 69 से अधिक नये स्टार्ट अप और उद्यम स्थापित किये गये हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा कि इस सफलता में इस केंद्र के कार्यक्रम प्रमुख डॉ.रामदत्त और उनकी टीम का प्रमुख योगदान हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक समर्पित भाव से किसानों के हित के लिए निरंतर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं जिसके परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय विभिन्न मंचों पर प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है। डॉ. रामदत्त, फैकल्टी इंचार्ज (इनक्यूबेशन केन्द्र) ने बताया कि विश्वविद्यालय के एग्री इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन केंद्र की सहायता से 69 स्टार्टअप्स सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। इस केंद्र के माध्यम से मुख्य रूप से बिहार की पारंपरिक वस्तुओं जैसे मखान, चावल, बागवानी के उत्पाद, शहद, गुड़, बांस और औषधीय पौधों से संबंधित उद्यम और उत्पाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त इनक्यूबेशन केंद्र की ओर से लगभग 163 मार्गदर्शन और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं जिससे छात्रों, ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को नवीन उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक शहद प्रसंस्करण, मशरूम उत्पादन, संरक्षित खेती, बीज प्रौद्योगिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में विभिन्न स्टार्ट अप से जुड़े युवाओं और उद्यमियों को उच्च स्तरीय सलाह प्रदान कर रहे हैं। विश्वविद्यालय भविष्य में इस केंद्र में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण सुविधा स्थापित करने की योजना पर भी कार्य कर रहा है जिससे कि स्टार्टअप्स के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रसंस्कृत नवीन उत्पादों को विकसित करने और उन्हें देश विदेश में व्यापार करने में आसानी हो सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
