बेगूसराय में फंदे से लटकी मिली विवाहिता की लाश:हत्या का आरोप लगाया,दो बच्चों की मां थी
बेगूसराय में आज एक महिला ने अपने घर में ही दिनदहाड़े रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना लाखो थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव वार्ड नंबर-3 की है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। मायके वालों ने ससुराल वाले पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका भगवानपुर वार्ड नंबर-3 के रहने वाले राज बब्बर साह की पत्नी 32 साल की मुन्नी देवी है। बताया जा रहा है कि आज मुन्नी के दोनों बच्चे स्कूल चले गए थे। थोड़ी देर बाद उसकी बड़ी गोतनी (जेठानी) ने फंदे से लटका हुआ देखकर हल्ला मचाया तथा फंदा काटकर नीचे उतारा।
लेकिन तब तक मुन्नी देवी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने सूचना लाखो थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तो पति एवं सास-ससुर सभी घर छोड़कर फरार थे। पुलिस ने ही मृतका के पिता बीहट निवासी पवन साह को फोन करके घटना की सूचना दिया।
इसके बाद मायके से जब सभी लोग पहुंचे तो लाश बाहर में रखी हुई थी। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन कर रही है। घटना के संबंध में मृतका के चाचा रंजीत साह ने बताया कि दोपहर में करीब पौने एक बजे प्रशासन ने फोन किया कि मुन्नी की मौत हो गई है।भगवानपुर पहुंचे तो अगल-बगल के लोगों ने बताया कि रात में इसके साथ पति सहित ससुराल के अन्य लोगों ने मारपीट किया। 2012 में शादी हुई थी, दो बच्चे हैं। पति राजमिस्त्री का काम करता है, शराब के नशे में बराबर मारपीट करता था। हम लोग पहुंचे तो लाश बाहर में रखी हुई थी, घर के सभी लोग फरार हैं।
घटनास्थल पर FSL की टीम ने जुटाए सबूत
लाखो थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद में आत्महत्या की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, परिजन जो आवेदन देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।एसपी मनीष ने बताया कि घटना स्थल की जांच के लिए FSL टीम को बुलाया किया गया है। मृतिका के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। सदर-वन डीएसपी के नेतृत्व में लाखो थाना की पुलिस टीम द्वारा घटना के सभी पहलुओं पर छानबीन करते हुए विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
