मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा:दिल्ली-हावड़ा रूट की डाउन लाइन बाधित
पटना.बक्सर.दिल्ली–हावड़ा मेन रेलखंड पर शनिवार शाम एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। बक्सर रेलवे स्टेशन के पास स्थित पूर्वी गुमटी (इटाढ़ी गुमटी) के समीप मालगाड़ी शंटिंग के दौरान अचानक इंजन का चक्का पटरी से उतर गया। हादसा शाम करीब 5:45 बजे हुआ, जिसके बाद डाउन लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। घटना से यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी शंटिंग की प्रक्रिया से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक इंजन का एक चक्का पटरी से उतर गया और तेज आवाज के साथ गाड़ी रुक गई। गनीमत रही कि उस समय लाइन पर कोई अन्य ट्रेन मौजूद नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे कर्मियों ने संभाली स्थिति
इंजन के पटरी से उतरने की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा, जबकि डाउन लाइन पर पूरी तरह रोक लग गई। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए रेलवे ने अस्थायी इंतजाम किए और ट्रेनों को अप लाइन से गुजारना शुरू किया।
रेलवे प्रशासन ने दी जानकारी
रेल प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। एडीएन बक्सर ने बताया कि डाउन लाइन पर परिचालन प्रभावित है, लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए अप लाइन पर ट्रेनों को सामान्य रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंजन को दोबारा पटरी पर लाने और ट्रैक की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है।
दानापुर मंडल की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दानापुर मंडल से इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम बक्सर भेजी गई। देर शाम तक टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक दुरुस्त करने में जुट गई। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द डाउन लाइन पर परिचालन बहाल कर दिया जाएगा।
दिल्ली–हावड़ा रूट पर चिंता
गौरतलब है कि दिल्ली–हावड़ा रेलमार्ग देश के सबसे व्यस्त और अहम रूटों में से एक है। इस मार्ग पर रोजाना हजारों यात्री यात्रा करते हैं और बड़ी संख्या में मालगाड़ियां भी गुजरती हैं। ऐसे में किसी भी तकनीकी खराबी या हादसे का सीधा असर यात्रियों और परिचालन पर पड़ता है।
शनिवार की इस घटना से यात्रियों में जरूर चिंता का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। रेलवे अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
