हसनपुर में महिला की मौत से ग्रामीण उग्र:सड़क जाम किया, पुलिस की गाड़ी पर हमला
समस्तीपुर।हसनपुर थानाक्षेत्र के सुरहा गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस की गाड़ी पलट दी। यह घटना एक महिला की मौत के बाद हुई। सुरहा निवासी संजू देवी की मंगलवार देर रात पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बुधवार सुबह जब महिला का शव गांव पहुंचा, तब ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने हसनपुर-बिथान मुख्य मार्ग को कई जगहों पर जाम कर दिया। मेदो चौक पर पूर्ण जाम लगा दिया गया। इसी दौरान मौके पर पहुंची बिथान थाने की गाड़ी पर ग्रामीणों ने लाठियों से हमला किया। गाड़ी में कोई पुलिसकर्मी नहीं था। ड्राइवर ने भागकर अपनी जान बचाई।
घटना की पृष्ठभूमि में 14 अगस्त की रात की एक वारदात है। उस रात संजू देवी और उनके पति गंगा प्रसाद यादव पर उनके दामाद ने धारदार हथियार से हमला किया था। इस हमले में गंगा प्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल संजू देवी को पटना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
