मंडल रेल प्रबंधक ने सराय स्टेशन का किया सघन निरीक्षण, दिए आदेश…
पटना. पूर्व मध्य रेलवे, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री अमित सरन ने सराय स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री मनीष सौरभ, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) तथा मंडल के अन्य शाखा अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, प्रतीक्षालयों, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफ़ॉर्म शेड, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा उपायों का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने विशेष रूप से यात्री सुविधा सुधार के अंतर्गत उठाए गए हालिया कदमों, जैसे स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन,शौचालयों की सफाई व्यवस्था और दिव्यांगजनों के लिए रैंप एवं विशेष सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टाफ को निर्देशित किया कि सभी यात्री सुविधाएँ सुचारु रूप से संचालित हों और उनकी नियमित निगरानी की जाए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टेशन स्थित गुड्स शेड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान माल ढुलाई गतिविधियों की स्थिति, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं कार्यकुशलता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। डीआरएम ने माल ढुलाई क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों के उपयोग, समय पर रेक प्रबंधन और ग्राहक सुविधा के लिए प्रक्रियाओं को सरल एवं तेज़ बनाने पर बल दिया।
निरीक्षण के अंत में डीआरएम श्री अमित सरन ने कहा कि स्टेशन का समग्र विकास यात्री संतुष्टि एवं माल ढुलाई दोनों के लिए आवश्यक है, और इसके लिए सभी विभाग समन्वित तरीके से कार्य करें।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
