समस्तीपुर जंक्शन पर दिव्यांग, बुजुर्ग और असहाय यात्रियों के लिए चलेगी Battery Car
समस्तीपुर। दिल्ली, लखनऊ, मुंबई जैसे बड़े स्टेशनों की तर्ज पर अब पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत आने वाले समस्तीपुर जंक्शन पर भी यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधा मिलने जा रही है। समस्तीपुर रेल मंडल द्वारा दिव्यांग, वृद्ध, गर्भवती महिलाएं व असहाय यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बैटरी चालित कार सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
रेल मंडल ने समस्तीपुर के अलावा दरभंगा और सहरसा स्टेशन को भी इस योजना में शामिल किया है। प्रारंभिक चरण में इन तीनों स्टेशनों पर दो-दो बैटरी चालित कारों के परिचालन की अनुमति दी जाएगी। रेल मंडल द्वारा इसके लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, यह सुविधा यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकांश स्टेशनों पर अभी तक दिव्यांग व जरूरतमंद यात्रियों के लिए केवल व्हीलचेयर की सुविधा ही उपलब्ध थी, वह भी सीमित मात्रा में। भीड़-भाड़ वाले समय पर सभी जरूरतमंद यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।
बैटरी कार से मिलेगी बड़ी राहत
बैटरी कार सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर में पैदल चलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यात्री प्रवेश द्वार से बैटरी कार के माध्यम से सीधे प्लेटफार्म तक पहुंच सकेंगे।खासकर दिव्यांग, बीमार, वृद्ध और गर्भवती महिलाओं के लिए यह सेवा बेहद सहायक होगी। इससे न केवल उनकी यात्रा सुगम होगी, बल्कि स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
प्रारंभिक रूप से दो बैटरी कारों के संचालन की योजना है, लेकिन यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। रेलवे का लक्ष्य है कि हर यात्री को गरिमा और सुविधा के साथ यात्रा करने का अनुभव मिले।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
