Breaking News:मेट्रो का ट्रायल 2 सितंबर से होगा:पहले 800 मीटर के ट्रैक पर दौड़ेगी
पटना.बैरिया स्थित पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के में बिजली का 132 केवी स्विच स्टेशन शुक्रवार को चार्ज हो गया। इसके साथ ही मेट्रो के ट्रायल का रास्ता साफ हो गया है। पटना मेट्रो कॉरपोरेशन और डीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक 2 सितंबर से ट्रायल होगा।
सबसे पहले ट्रेन को डिपो के अंदर 800 मीटर के ट्रैक पर दौड़ाया जाएगा। यहां पूरी तरह से जांच की जाएगी। इस दौरान आने वाली तकनीकी गड़बड़ियों को दूर किया जाएगा। अभी एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। डिपो में बिजली के रिसीविंग स्टेशन में 30-30 एमवीए के चार पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इनमें दो पावर ट्रांसफॉर्मर 132 केवी की ट्रांसमिशन लाइन को 33 केवी में बदलेंगे।यहां से विभिन्न स्टेशनों पर लगे विशेष डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर को सप्लाई दी जाएगी। इन विशेष ट्रांसफॉर्मर से 440 वोल्ट पर एसी, एक्सलेटर, लिफ्ट सहित अन्य इलेक्ट्रिक मशीन चलेगी। वहीं, दो पावर ट्रांसफॉर्मर 132 केवी की लाइन को 25 केवी में बदलेंगे। इससे मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी।
6.5 किमी में परिचालन की तैयारी
अभी मलाही पकड़ी से न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक करीब 6.5 किमी में मेट्रो का परिचालन होगा। इनके बीच मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरोमाइल, न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल स्टेशन हैं। खेमनीचक स्टेशन पर अभी स्लैब चढ़ाने का काम चल रहा है। अन्य स्टेशनों पर फिनिशिंग वर्क जारी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
