हाजीपुर में कच्चे तेल से भरा टैंकर पलटा:गुमटी पर गिरा नेपाल जा रहा टैंकर,ग्रामीणों ने तेल लूटा
वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र के शाहदुल्हपर गांव में बुधवार को कच्चा तेल से भरा टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होकर गुमटी पर पलट गया। पश्चिम बंगाल के हल्दिया से नेपाल जा रहा यह टैंकर एक पिकअप वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया।
चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे में टैंकर चालक शाहिद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टैंकर सीधे सड़क किनारे बनी धर्मनाथ सिंह की गुमटी पर पलट गया। हादसे के वक्त गुमटी मालिक बाहर खाना खा रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पूरी तरह बर्बाद हो गई और करीब 40,000 रुपए का नुकसान हुआ है।दुर्घटना के बाद टैंकर से कच्चा तेल सड़क पर फैल गया। आस-पास के ग्रामीण बाल्टी, डब्बे, बोतल और यहां तक कि कपड़ों से भी तेल भरने लगे। आरोप है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन कोई रोकथाम नहीं की गई।
दूर-दराज से भी पहुंचे लोग
तेल लूटने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक लोग टैंकर से बहा तेल इकट्ठा करते रहे।गुमटी मालिक ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
