पत्नी छोड़कर भागी,पति ने कुएं में कूदकर दी जान:शादी के 10 साल बाद भी नहीं हुआ बच्चा
बेगूसराय में युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक को 6 महीने पहले उसकी पत्नी छोड़कर मायके चली गई। दोनों की शादी के 10 साल हो गए, पर बच्चा नहीं हो रहा था। किसी बीमारी के कारण दिक्कत आ रही थी। बीमारी पति में थी या पत्नी में ये क्लियर नहीं, क्योंकि दोनों डॉक्टर के पास गए ही नहीं थे।
बच्चा नहीं होने पर दोनों में काफी विवाद होने लगा। 6 महीने पहले मृतक नीतीश कुमार (28) पत्नी विभा कुमारी (25) को लाने उसके मायके गया था। पत्नी तो नहीं लौटी, उल्टा पत्नी ने नीतीश की बाइक भी छीन ली। जिसके बाद से नीतीश काफी तनाव में रहने लगा। अंत में नीतीश ने बुधवार को घर से 1 किमी दूर कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरदिया मंदिर के पास की है।
मृतक रजौड़ा वार्ड नंबर-12 निवासी किरणदेव चौधरी का इकलौता बेटा था। नीतीश की शादी वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के मैदा वभनगामा गांव विभा से हुई थी।
चाचा अशोक चौधरी के मुताबिक नीतीश घर पर ही रहकर ताड़ी का कारोबार करता था। जब पत्नी नीतीश को छोड़कर मायके गई तो पांच भर (करीब 50 ग्राम) से अधिक सोने की ज्वेलरी, नगद और कुछ सामान भी ले गई थी।
कुएं में कूदते हुए लोगों ने देखा
नीतीश शाम 6 बजे घर से निकला था। किसी को नहीं पता था कि वो आत्महत्या करने के लिए जा रहा है। चलते-चलते वो एक कुएं के पास पहुंचा और उसमें कूद गया। आसपास का क्षेत्र आबादी वाला था, इस कारण लोगों ने नीतीश को कुएं में कूदते हुए देख लिया।
स्थानीय लोग कुएं के पास दौड़े और नीतीश को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा अशोक चौधरी ने बताया कि नीतीश काफी मिलनसार स्वभाव का था और गांव में ही रखकर अपना पारंपरिक ताड़ी का धंधा करता था। 10 साल के बाद बच्चा नहीं हो रहा था, जिसके लिए वह इलाज भी कराना चाहता था।लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। परिजन जो आवेदन देंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
