राजधानी पटना के 13 नगर निकायों के कचरे से 15 मेगावाट बिजली बनेगी
पटना.राजधानी पटना और उसके आसपास के शहरों में खड़ा हो रहे कचरों के पहाड़ के संकट का समाधान जल्दी ही हो जाएगा। इन कचरों से हर दिन पटना शहर में 15 मेगावाट बिजली बनाकर आपूर्ति की जाएगी। राज्य मंत्रिमंडल ने इसके लिए बुधवार को 514 करोड़ 59 लाख रुपए की योजना की मंजूरी दी।
योजना के तहत पटना के रामचक बैरिया में प्लांट लगाया जाएगा। यहां पटना, दानापुर, फतुहा, खगौल, फुलवारीशरीफ, संपतचक, मनेर, मसौढ़ी, बिहटा, बख्तियारपुर, नौबतपुर, पुनपुन और खुशरूपुर नगर निकायों के कचरों को बैरिया स्थित प्लांट लाया जाएगा। यहां 1 हजार 600 टन प्रतिदिन कचरे की प्रोसेसिंग की जाएगी। इसके लिए 100 टन प्रतिदिन के बॉयो-मिथनेशन संयंत्र की स्थापना होगी।दूसरे और भी कई संयंत्रों के जरिए यहां कचरे का निपटारा किया जाएगा। इससे शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने में मदद मिलेगी। इससे पर्यावरण में भी सुधार होगा।
पुनपुन पिंडदान स्थल पर लक्ष्मण झूला की तरह का पुल
पटना में पुनपुन पिंडदान स्थल पर रेलवे पुल के बगल में लक्ष्मण झूला की तरह के केबल सस्पेंशन पुल के निर्माण के लिए 82 करोड़ 99 लाख रुपये की मंजूरी दी गई। पुल की कुल लंबाई 320 मीटर और चौड़ाई 11.50 मीटर होगी, जबकि दोनों ओर के पहुंच पथ की लंबाई 115 मीटर तय की गई है। इस पुल के बन जाने से पैदल यात्रियों के साथ-साथ चार पहिया वाहनों का आवागमन भी संभव होगा, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे पुनपुन क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। पहले पिंडदान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को नदी पार करने में समय और मेहनत दोनों लगते थे, लेकिन इस पुल के बन जाने से यात्रा आसान, सुरक्षित और तेज हो जाएगी।
मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर जोड़ने को बनेगी सड़क
मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए नई सड़क के निर्माण हेतु 292 करोड़ 74 लाख रुपये की मंजूरी दी गई। इस मार्ग पर अधिक यातायात दबाव को देखते हुए निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में मीठापुर आरओबी रैम्प के दोनों ओर दो लेन एलिवेटेड रोटरी और मीठापुर बाईपास की ओर रोड का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में एलिवेटेड रोटरी से चिरैयाटांड़ फ्लाई ओवर तक का निर्माण कार्य किया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
