10 साल की बच्ची की डूबकर मौत:स्कूल से लौटते वक्त पैर फिसल गया था
मुजफ्फरपुर सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के रघई घाट पर 10 साल की नाबालिग बूढ़ी गंडक में डूब गई। वो स्कूल से घर लौट रही थी, रास्ते में नदी किनारे उसका पैर फिसल गया। ग्रामीणों की मदद से नाविक ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान रघई गांव निवासी सचिदानंद प्रसाद की बेटी अनुप्रिया के रूप में हुई है। जो चौथी कक्षा में पढ़ती थी। हादसे के बाद शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल नाविक को बुलाया। नाविक ने कई बार गोता लगाने के बाद बच्ची को बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में मीनापुर पीएचसी ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया, लेकिन जान नहीं बची।
स्कूल से लौटने का इकलौता रास्ता है
पिता सचिदानंद प्रसाद ने बताया कि स्कूल जाने और लौटने का यही मुख्य रास्ता है। जो नदी किनारे से होकर गुजरता है। रोज की तरह सोमवार को भी बेटी उसी रास्ते से लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
एसकेएमसीएच ओपी प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि देर शाम होने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है और संबंधित थाना को सूचना भेज दी गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
