चालक का नाम गेट पर लिखना होगा,आगे की सीटों की 4 पंक्तियां महिलाओं के लिए रिजर्व
पटना.परिवहन निगम की बसों में महिलाओं और उनके बच्चों के लिए आगे की सीटें रिजर्व होंगी। राज्य में निगम की करीब 1700 बसें चलती हैं। इन बसों में महिला यात्रियों के लिए आगे की चार पंक्तियों की सीटें रिजर्व की जाएंगी। साथ ही चालक और कंडक्टर का नाम बस के गेट पर लिखना होगा। चालक और कंडक्टरों को खाकी रंग का यूनिफॉर्म पहनना और नेम प्लेट लगाना आवश्यक होगा। परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बस कंडक्टर को यात्रियों से विनम्र और पेशेवर व्यवहार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने पुरानी और जर्जर बसों की फिटनेस जांच कराने को भी कहा। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्यभर में सघन हेलमेट जांच अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस और बीमा से संबंधित दस्तावेजों की जांच एमवीआई और डीटीओ रोजाना करेंगे। ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी जिलों में दो शिफ्टों में गश्त और बैरियर लगाकर सघन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
तीन जिलों में अतिरिक्त ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनेंगे
राज्य के 27 जिलों में आधुनिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण कर इनका संचालन शुरू कर दिया गया है। अब आधुनिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर टेस्ट में पास होने के बाद ही लाइसेंस निर्गत किया जा रहा है। सारण में प्रतिदिन औैसतन 110, रोहतास में 81 और मधुबनी में 132 ड्राइविंग टेस्ट लिये जा रहे हैं। आवेदकों की अधिक संख्या को देखते हुए इन तीनों जिलों में अतिरिक्त ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
