तेजप्राताप बोले- मुझे साजिश के तहत पार्टी से निकाला:क्या विधायक भाई वीरेंद्र पर भी कार्रवाई होगा
पटना.लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप खुलकर राजद का विरोध करने लगे हैं। RJD MLA भाई वीरेंद्र और पंचायत सचिव के बीच हुई बहस और विधायक के जूता मारेंगे वाले बयान पर तेजप्रताप ने पूछा है कि क्या पार्टी इनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर एक कार्टून शेयर करते हुए सवाल उठाया है कि ‘क्या RJD अपने विधायक भाई वीरेंद्र पर भी कार्रवाई करेगी, जिन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के आदर्शों के उल्ट SC-ST समाज के खिलाफ शर्मनाक टिप्पणी की, जान से मारने की धमकी दी।’
‘मुझे तो जयचंदों की साजिश के तहत पार्टी से बाहर कर दिया गया… अब देखना है कि बवाल करने वालों पर भी पार्टी उतनी ही सख्ती दिखाएगी या नहीं? संविधान का सम्मान भाषणों में नहीं, आचरण में दिखना चाहिए।’इससे पहले सोमवार को मुजफ्फरपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजप्रताप ने कहा, ‘आरजेडी में आम तो छोड़िए, खास भी सुरक्षित नहीं है। तेजस्वी के आसपास बाहरी लोगों का घेरा बना दिया है। ऐसे लोग मुझे पार्टी और परिवार से बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं।’
अगर तेजस्वी महुआ से लड़ेंगे तो हम राघोपुर से लड़ेंगे
तेजप्रताप खुलकर राजद और तेजस्वी के खिलाफ बोल रहे हैं। रविवार को उनसे पूछा गया कि तेजस्वी यादव के दो सीटों (राघोपुर और महुआ) से चुनाव लड़ने की चर्चा है। इस पर उन्होंने कहा, ’अगर तेजस्वी महुआ से लड़ेंगे, तो हम भी राघोपुर से लड़ जाएंगे।’आगे कहा, ‘तेजस्वी को राजनीति में हम ही लाए। जब मैं राजनीति में आ गया था तो वे दिल्ली डेयर डेविल से IPL क्रिकेट मैच खेल रहे थे। हमारी पहली राजनीतिक सभा अरवल में हुई थी।’
आपको भाई ने ही पार्टी से निकाल दिया, यह पूछने पर कहा- ‘राजनीति में ये सब सच्चाई है, लेकिन हम इसकी परवाह नहीं करते। कोई और होता तो फांसी लगा लेता या कुछ कर लेता।’RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने मनेर के पंचायत सचिव संदीप भारती को जूते से मारने की धमकी मोबाइल पर दी थी। मनेर विधानसभा क्षेत्र के एक पंचायत सचिव को मृत्यु प्रमाण पत्र जल्द बनाने के लिए फोन किया था। पंचायत सचिव ने प्रणाम नहीं किया तो विधायक भड़क गए।
सचिव और विधायक के बीच बातचीत के कुछ अंश पढ़िए…
विधायक ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए सचिव को फोन किया
सचिव- बोलिए
विधायक- कौन बोल रहा है रे
सचिव- किससे बात करना है
विधायक- तुम भाई वीरेंद्र को नहीं पहचानता है और तुम बोलेगा कि बोलिए
सचिव- आप अपना परिचय दीजिएगा तब तो पहचानेंगे
विधायक- भाई वीरेंद्र को भी परिचय देना पड़ता है? भाई वीरेंद्र मेरा नाम है। तुम नहीं जानता है कि भाई वीरेंद्र तुम्हारा कौन है? भाई वीरेंद्र मनेर का कौन है, तुम नहीं जानता है?
सचिव- जानकारी रहता तो ऐसे थोड़े ना बात करते
विधायक- पूरा हिंदुस्तान जानता है हमको और तुम नहीं जानता। इंग्लैंड से हो का तुम, टेढ़िया है तूम, मनेर का विधायक को नहीं जानता है तुम।
सचिव- जी विधायक जी बोलिए
विधायक- विधायक जी बोलिए? जूता से मारेंगे तुमको खींच कर, तुम रिकॉर्ड करो चाहे, कुछ करो। तुम प्रोटोकॉल का ख्याल नहीं रखेगा रे। पूरा हिंदुस्तान जानता है हमको और तुम कह रहा है कि भाई वीरेंद्र कौन है, नहीं जानते हैं।
विवाद बढ़ा तो भाई वीरेंद्र बोले- खेद है
RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने मनेर के पंचायत सचिव संदीप भारती से हुई कहासुनी पर सफाई दी है। उन्होंने कहा, ‘मेरे विधानसभा क्षेत्र के एक पंचायत सचिव की ओर से मेरी एक रिकॉर्डेड कॉल को जानबूझकर सोशल मीडिया और वॉट्सऐप किया जा रहा है।’उस कॉल में मैंने कुछ कड़े शब्द जरूर कहे, जिसका मुझे खेद है, लेकिन यह बात भी सभी जान लें कि जब मैंने उसे फोन किया, वह न तो शिष्टाचार से पेश आया, न अभिवादन किया और न ही जनता के कार्य को गंभीरता से लिया।’
पंचायत सचिव ने SC-ST थाने में आवेदन दिया
वहीं, पंचायत सचिव संदीप कुमार ने विधायक भाई वीरेंद्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए SC-ST थाने में आवेदन दिया है। संदीप कुमार ने कहा कि ’26 जुलाई को मनेर में शाम लगभग 5:30 बजे ड्यूटी पर था। इसी दौरान राजद विधायक का फोन आया। उन्होंने मुझे धमकी दी।”विधायक ने मुझसे एक जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी ली। जो फिलहाल प्रक्रियाधीन है। उन्होंने फोन रखते समय लास्ट में कहा कि यहां ट्रांसफर के फेरे में मत रहो, यहां दूसरा कुछ भी हो सकता है। अब वो मुझे जान से मरवा देंगे या क्या कराएंगे, वो जाने।”लेकिन मुझे इस फोन कॉल के बाद डर लग रहा है। DM को मौखिक रूप से सूचना दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि प्राथमिकी होने के बाद आपका दूसरे प्रखंड में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। जूता से मारने जैसे शब्दों का उन्होंने इस्तेमाल किया है। इससे मेरे मन को आहत पहुंचा है।’
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
